Assam: असम में मुख्मंत्री हिमंत विश्व शर्मा के मंत्रिमंडल का विस्तार, राज्यपाल ने दिलाई चार मंत्रियों को शपथ
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी I असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को चार मंत्रियों के शपथ लेने के साथ अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने मंत्रियों को शपथ दिलाई। सीएम शर्मा के मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले चार नये मंत्रियां प्रशांत फूकन, कौशिक राय, कृष्णेंदु पॉल और रूपेश गोआला हैं। ये सभी भाजपा के विधायक हैं। शपथ समारोह में मुख्यमंत्री के साथ उनके कैबिनेट के अन्य मंत्री भी शामिल थे।
भाजपा नेता प्रशांत फूकन डिब्रूगढ़ से चार बार विधायक रह चुके हैं। कृष्णेंदु पॉल पथारकांडी से दो बार, जबकि कौशिक रॉय और रूपेश गोआला क्रमशः लखीपुर और दुमदुमा से एक बार विधायक रह चुके हैं। इन नए मंत्रियों के शपथ के बाद मुख्यमंत्री हिमंत अब 19 सदस्यीय मंत्रिपरिषद के प्रमुख हैं।
सीएम शर्मा ने कहा, “हमारे मंत्रालय में बराक घाटी से कोई प्रतिनिधित्व नहीं था।आज हमने अपने मंत्रिपरिषद में चार मंत्रियों को शामिल किया है। एक पद अभी भी खाली है और उसे आने वाले दिनों भर दिया जाएगा। असम में कई विकास गतिविधियां चल रही है। चार मंत्रियों को शामिल किये जाने से मंत्रिपरिषद मजबूत हो गई है।”