द्रोणाचार्य एकेडमी के मेधावी छात्र दीपक सिमलिया को बोडोलैंड विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में सर्वोच्च सम्मान

थर्ड आई न्यूज

बरपेटा रोड Iद्रोणाचार्य एकेडमी, बरपेटा रोड के होनहार छात्र दीपक सिमलिया ने अपनी असाधारण प्रतिभा और अथक परिश्रम के बल पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। वे बोडोलैंड विश्वविद्यालय के 2021-24 बैच के अकाउंट्स मेजर में शीर्ष स्थान प्राप्त करने में सफल रहे हैं। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए उन्हें बोडो साहित्य सभा के अध्यक्ष और बोडोलैंड विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा दीक्षांत समारोह में स्नातक की उपाधि और सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया।

दीपक, स्वर्गीय मदनलाल सिमलिया और स्वर्गीय इमारती देवी के पौत्र हैं तथा स्वर्गीय निर्मल कुमार सिमलिया और श्रीमती अनीता सिमलिया के सुपुत्र हैं। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता ने न केवल उनके परिवार को गर्व से भर दिया है, बल्कि पूरे क्षेत्र और उनके शिक्षण संस्थान द्रोणाचार्य एकेडमी को भी सम्मानित किया है।

बचपन से ही दीपक अपनी बुद्धिमत्ता, मेहनत और अनुशासित अध्ययन शैली के लिए जाने जाते रहे हैं। उनकी विनम्रता, सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति निष्ठा और आदरपूर्ण व्यवहार ने उन्हें परिवार, शिक्षकों और समाज में एक आदर्श व्यक्तित्व के रूप में स्थापित किया है।

जीवन में अनेक कठिनाइयों और चुनौतियों का सामना करने के बावजूद, दीपक ने अपने दृढ़ संकल्प और समर्पण के बल पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने अपनी मैट्रिक की शिक्षा मेरियन स्कूल से पूर्ण की और उच्च माध्यमिक एवं स्नातक शिक्षा द्रोणाचार्य एकेडमी, बरपेटा रोड से प्राप्त की। उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए उन्हें अकादमी में लगातार दो वर्षों तक “सर्वश्रेष्ठ द्रोणाचार्य” पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।

दीपक की यह सफलता निस्संदेह क्षेत्र के अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि समर्पण, कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने दीपक को उनकी इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *