अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की प्रांतीय अध्यक्षा और सचिव का होजाई शाखा का दौरा

थर्ड आई न्यूज
होजाई से रमेेश मुन्दड़ा
अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की प्रांतीय अध्यक्षा शीतल सोमानी और प्रांतीय सचिव निशा काबरा ने शुक्रवार को होजाई शाखा का दौरा किया। इस दौरान स्थानीय जुगल किशोर केडिया स्मृति भवन में होजाई शाखा की अध्यक्ष प्रियंका सरावगी की अध्यक्षता में एक सभा आयोजित की गई। सभा में प्रांतीय पदाधिकारियों को असमिया फुलाम गमोछा और जापी पहनाकर सम्मानित किया गया।
सभा में शाखा सचिव प्रियंका बेरीवाल ने शाखा द्वारा किए गए कार्यक्रमों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। नारी शक्ति को संबोधित करते हुए प्रांतीय अध्यक्षा शीतल सोमानी ने कहा, “नारी शक्ति को और सशक्त बनाने के लिए हमें एकजुट होकर कार्य करना होगा। महिलाएं जिस भी संस्था से जुड़ती हैं, उसे सशक्त बना देती हैं।” उन्होंने होजाई शाखा के कार्य की सराहना की और “नारी शक्ति, राष्ट्र शक्ति” के नारे के साथ अपने विचार व्यक्त किए।
प्रांतीय सचिव निशा काबरा ने भी सभा को संबोधित करते हुए कहा, “किसी भी संस्था की सुदृढ़ता उसके सदस्यों की एकजुटता और सामाजिक कार्यों के प्रति उनकी इच्छा शक्ति पर निर्भर करती है।” उन्होंने होजाई शाखा की सदस्यों से अधिक से अधिक मातृशक्ति को संस्था से जोड़ने का आह्वान किया।
इस दौरान प्रांतीय समिति सशक्तिकरण की सहप्रमुख ज्योति सुरेखा के प्रयासों से रोहा में एक नई शाखा के गठन की सराहना की गई। शाखा अध्यक्ष प्रियंका सरावगी ने प्रांतीय पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “आपके मार्गदर्शन के लिए हम तहे दिल से आभारी हैं और हम इसे पालन कर संस्था को और अधिक आगे बढ़ाने के लिए कार्य करते रहेंगे।”
सभा का संचालन मृदुल अग्रवाल और प्रतिभा राठी ने किया, और धन्यवाद ज्ञापन तथा राष्ट्रगान के साथ सभा का समापन हुआ। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित थीं।