नगांव में कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई का जोरदार स्वागत, बोले — सशक्त संगठन ही सफल मित्रता की आधारशिला

थर्ड आई न्यूज
नगांव से जयप्रकाश सिंह
असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष एवं सांसद गौरव गोगोई का नगांव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। शनिवार देर रात नगांव पहुंचने के बाद रविवार सुबह बरघाट बाईपास के निकट गोगोई का कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
गौरव गोगोई ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “शिवसागर, जोरहाट, गोलाघाट और नगांव में दो दिनों के भीतर जो स्नेह, समर्थन और आशीर्वाद मिला, उसके लिए मैं जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट करता हूं। वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी को सशक्त बनाने का संकल्प लिया है।”
उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय दौरे के दौरान सभी जिला, ब्लॉक और मंडल इकाइयों के नेताओं और कार्यकर्ताओं का सहयोग अत्यंत सराहनीय रहा। जोरहाट में पार्टी विधायकों ने भी सक्रियता से स्वागत किया और देर रात तक कार्यकर्ता जोश के साथ डटे रहे, जिसे देखकर वे भावुक हो उठे।
महिला पत्रकार की असुविधा पर जताया खेद :
जोरहाट में हुई रैली के दौरान एक महिला पत्रकार को भीड़ में हुई असुविधा पर दुख व्यक्त करते हुए गोगोई ने कहा कि महिला कांग्रेस की एक टीम उनसे मिलकर वास्तविक स्थिति की जानकारी लेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लेती है।
सशक्त नेतृत्व और संगठन को दी प्राथमिकता :
सामूहिक नेतृत्व की दिशा में पार्टी की रणनीति पर बोलते हुए गोगोई ने कहा, “हम सामूहिक नेतृत्व के मॉडल को आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं। तृणमूल इकाइयों को विशेष महत्व दिया जाएगा। जिला, ब्लॉक, मंडल स्तर से लेकर केंद्रीय नेतृत्व तक समन्वय स्थापित कर संगठन को और सशक्त किया जाएगा।”
भूपेन बोरा की भूमिका की सराहना :
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन बोरा के कार्यकाल की सराहना करते हुए गोगोई ने कहा कि “पिछले चार वर्षों में उन्होंने संगठन को नई दिशा दी और एआईयूडीएफ के साथ गठबंधन न करने का साहसिक निर्णय लेकर पार्टी की विचारधारा को स्पष्ट रखा।”
“मित्रता तभी सार्थक जब दल हो सशक्त” :
मित्रता को लेकर पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा, “मित्रता तभी कारगर हो सकती है जब हम स्वयं मजबूत हों। पहले अपने संगठन को मजबूत बनाना आवश्यक है, तभी हम प्रभावी साझेदार बन सकते हैं।”
गौरव गोगोई के दौरे के दौरान बटद्रोवा थान पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद शांतिजन बाजार, भोमोरागुरी, राईडिंगीया, चलचली, टानपार, नगांव शहर, इस्लामपट्टी, बरभेटी, जामुगुरी और बारपुजीया में भी स्वागत सभाओं का आयोजन किया गया।
गौरव गोगोई का यह दौरा न केवल संगठनात्मक मजबूती का संकेत है, बल्कि आगामी चुनावों की रणनीति को लेकर कांग्रेस की सक्रियता का भी परिचायक है।