Ambubachi Mela 2025: आज से शुरू हो रहा है कामाख्या मंदिर का अंबुबाची मेला, प्रवृत्ति 2:57 से मंदिर में लगा तांत्रिकों एवं श्रद्धालुओं का जमावड़ा

थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी । गुवाहाटी में स्थित कामाख्या देवी मंदिर, 51 शक्तिपीठों में शामिल है। इस मंदिर से जुड़ी मान्यताएं दूर-दूर तक फैली हैं, जिस कारण मंदिर के दर्शन करने से लिए दूर-दूर से लोग आते हैं। हर साल इस मंदिर में अंबुबाची मेले का आयोजन होता है, जिसमें भाग लेने के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है। इस मेले को पूर्वोत्तर भारत का कुंभ भी कहा जाता है I
मंदिर से जुड़ी पौराणिक कथा :
पौराणिक कथा के मुताबिक, एक बार जब राजा दक्ष ने यज्ञ का आयोजन किया, तो उन्होंने पुत्री माता सती और भगवान शिव को आमंत्रित नहीं किया। शिव जी के समझाने पर भी माता सती नहीं मानी और अपने पिता के यहां यज्ञ में चली गईं। जब उन्होंने वहादेखा कि उनके पिता शिव जी का अपमान कर रहे हैं, तो वह यह अपमान सह न सकीं और अग्नि कुंड में अपने शरीर का त्याग कर दिया।
जब यह बात शिव जी को पता चली, तो वह माता सती का शरीर उठाकर सम्पूर्ण विश्व में घूमने लगे। इससे पूरे विश्व में हाहाकार मच गया। तब भगवान विष्णु ने अपने सुदर्शन चक्र से मां सती के शरीर के कई टुकड़े कर दिए और धरती के विभिन्न-विभिन्न स्थानों पर गिन गए। जहां-जहां माता सती के अंग गिए, वहां-वहां आज शक्तिपीठ स्थापित हैं। कहा जाता है कि असम के गुवाहाटी के कामगिरी में माता सती की योनि गिरी थी, जिस स्थान पर आज कामाख्या देवी मंदिर बना हुआ है।
मेले से जुड़ी मान्यताएं :
इस साल अंबुबाची मेले का आयोजन 22 जून से होने जा रहा है, जो 26 जून 2025 तक चलेगा। यह मेला देवी कामाख्या के वार्षिक मासिक धर्म का प्रतीक माना गया है। साथ ही तांत्रिकों के लिए भी इस मेला काफी महत्व रखता है। देश-विदेश से लाखों भक्त यहां पहुंचते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यह वह समय है, जब माता रजस्वला होती हैं।
यह समय माता के विश्राम का समय माना जाता है और इस दौरान कामाख्या देवी मंदिर के गर्भगृह के कपाट बंद कर दिए जाते हैं। इस अवधि में 3 दिनों तक, कोई पूजा नहीं, कोई दर्शन नहीं होते। चौथे दिन, शक्ति जागृत होती हैं और मां को ‘शुद्धि स्नान’ कराया जाता है। इस दिन मंदिर के द्वार भक्तों के लिए खोल दिए जाते हैं। इस वर्ष मंदिर के कपाट (प्रवृत्ति) 22 जून को दोपहर 2:57 पर बंद होंगे, जबकि निवृत्ति 25 जून को तड़के 3: 21 पर होगी I
मेले को लेकर कामाख्या धाम में देशभर से तांत्रिकों और श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया है I प्रशासन ने भी मेले को सुचारू रूप से चलने के लिए अपनी कमर कस ली है I