US vs Iran: ईरान पर अमेरिकी हमलों के बाद दुनियाभर में चिंता, सावधानी बरतने की अपील; जानिए किस देश ने क्या कहा

थर्ड आई न्यूज

वॉशिंगटन I ईरान के परमाणु ठिकानों पर अमेरिकी हमलों के बाद से दुनियाभर की चिंता बढ़ गई है। इस्राइल-ईरान तनाव में अमेरिका के शामिल होने के बाद तमाम देश इस बात को लेकर चिंतित हैं कि इससे क्षेत्रीय संघर्ष बढ़ेगा। सभी देशों ने अमेरिका, ईरान और इस्राइल से सावधानी बरतने और कूटनीति से काम करने की अपील की है। आइए जानते हैं किस देश ने क्या कहा…

अमेरिका के हमलों ने बढ़ाया खतरा: संयुक्त राष्ट्र
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि वह संयुक्त राज्य अमेरिका के हमलों से गंभीर रूप से चिंतित हैं। अब इस बात का खतरा बढ़ रहा है कि इस्राइल-ईरान संघर्ष तेजी से नियंत्रण से बाहर हो सकता है। इसके नागरिकों, क्षेत्र और दुनिया के लिए भयावह परिणाम होंगे। मैं सदस्य देशों से तनाव कम करने का आह्वान करता हूं। कोई सैन्य समाधान नहीं है। आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता कूटनीति है।

बातचीत की ओर लौटें सभी पक्ष: न्यूजीलैंड
न्यूजीलैंड के विदेश मंत्री विंस्टन पीटर्स ने सभी पक्षों से बातचीत पर लौटने की अपील की है। अभी स्पष्ट नहीं है न्यूजीलैंड राष्ट्रपति ट्रंप के कार्यों का समर्थन करता है या नहीं। विदेश मंत्री ने कहा कि हमले तो अभी-अभी हुए हैं। विदेश मंत्री पीटर्स ने कहा कि यह संकट सबसे गंभीर है जिसका मैंने कभी सामना किया है। इसे बढ़ाने से बचा जा सकता है। कूटनीति से सैन्य कार्रवाई की तुलना में अधिक स्थायी समाधान प्राप्त होगा।

पश्चिम एशिया में सैन्य हस्तक्षेप से बढ़ती है अस्थिरता: चीन
चीन की सरकारी मीडिया ने कहा कि अमेरिकी हमले एक खतरनाक मोड़ हैं। 2003 में इराक पर अमेरिकी आक्रमण का हवाला देते हुए सीजीटीएन के लेख में कहा गया है कि इतिहास ने बार-बार दिखाया है कि मध्य पूर्व में सैन्य हस्तक्षेप अक्सर अनपेक्षित परिणाम उत्पन्न करते हैं। इनमें लंबे समय तक संघर्ष और क्षेत्रीय अस्थिरता शामिल है। इसलिए जरूरी है कि बातचीत को प्राथमिकता देते हुए संतुलित, कूटनीतिक दृष्टिकोण अपनाया जाए।

जापान के प्रधानमंत्री करेंगे बैठक :
जापान के एनएचके टेलीविजन के अनुसार जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा रविवार दोपहर को ईरानी परमाणु ठिकानों पर अमेरिकी हमले को लेकर प्रमुख मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे।

दक्षिण कोरिया में आपात बैठक :
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि वह रविवार को एक आपातकालीन बैठक करेगा। इसमें अमेरिकी हमलों और दक्षिण कोरिया की संभावित प्रतिक्रिया के सुरक्षा और आर्थिक परिणामों पर चर्चा की जाएगी।

ऑस्ट्रेलिया ने तेहरान में बंद किया दूतावास :
ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को तेहरान में अपना दूतावास बंद कर दिया। कर्मचारियों को निकाल लिया, संघर्ष के कूटनीतिक अंत के लिए दबाव बनाया है। ऑस्ट्रेलिया के अधिकारी ने कहा कि ईरान का परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए खतरा है। हम अमेरिकी राष्ट्रपति के इस बयान पर गौर करते हैं कि अब शांति का समय आ गया है। क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति अत्यधिक अस्थिर है। हम तनाव कम करने, संवाद और कूटनीति का आह्वान करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *