होजाई में नेपाली-गोरखा समाज ने श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया हरितालिका तीज

थर्ड आई न्यूज

होजाई से रमेश मुंदड़ा

नेपाली-गोरखा समाज की माताओं और बहनों ने श्री सत्य नारायण मंदिर प्रांगण, शिवबाड़ी रोड पर पवित्र हरितालिका तीज का पर्व धार्मिक आस्था और हर्षोल्लास के साथ मनाया।

समाज के यादव भंडारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक तीज के गीत गाए और नृत्य कर वातावरण को उल्लासपूर्ण बना दिया। दिनभर धार्मिक अनुष्ठान और विधि-विधान से पूजा-पाठ किया गया।

सुबह स्नान के बाद महिलाओं ने भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा कर व्रत का संकल्प लिया। विवाहित महिलाएं अपने पति की दीर्घायु और सुख-शांति के लिए उपवास रखती हैं, वहीं अविवाहित कन्याएं योग्य वर की कामना हेतु भोलेनाथ और पार्वती माता की आराधना करती हैं।

पर्व के दौरान महिलाओं ने अपने हाथों से रेत के शिवलिंग बनाकर पूजन किया। परंपरा के अनुसार, अगले दिन प्रातः व्रत का पारण किया जाता है। माताओं के इस कठोर व्रत के दौरान घर के अधिकांश कार्य पुरुष वर्ग द्वारा संपन्न किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *