शिशु निकेतन विद्यालय में “ब्रेन रेन” प्रदर्शनी का भव्य आयोजन

थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 30 अगस्त। नारायण नगर स्थित शिशु निकेतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विज्ञान, कला, खेल, साहित्य और संस्कृति पर आधारित दो दिवसीय प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कई दिनों की मेहनत के बाद छात्रों ने विभिन्न कलाकृतियां और मॉडल तैयार किए। विज्ञान प्रदर्शनी में भोपाल गैस कांड का विस्तृत मॉडल प्रस्तुत किया गया, जिसमें दुर्घटना के कारण और प्रभावों की जानकारी दी गई। खेल प्रदर्शनी में पारंपरिक खेलों के साथ-साथ आधुनिक खेलों का भी प्रदर्शन किया गया। सांस्कृतिक खंड में छात्रों ने स्वयं बनाए वाद्ययंत्र प्रदर्शित किए और विभिन्न राज्यों के नृत्य एवं गायन की झलकियां प्रस्तुत कीं। साहित्य खंड में हिंदी, अंग्रेजी और असमिया साहित्य की रचनाओं की झलकियां प्रदर्शित की गईं।
छात्रों ने इस प्रदर्शनी को “ब्रेन रेन” नाम दिया। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पवन कुमार अग्रवाल ने किया। उन्होंने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए उनकी मेहनत और सृजनात्मकता की सराहना की। विद्यालय की प्रधानाचार्या रीना भौमिक ने विद्यार्थियों से कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ विज्ञान, कला, खेल और साहित्य में भी गहन ज्ञान प्राप्त करें, ताकि भविष्य में वे नए और सृजनात्मक कार्य प्रस्तुत कर सकें।
अभिभावकों ने भी बड़ी संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन किया और छात्रों के प्रयासों की सराहना की। इस आयोजन ने विद्यालय में रचनात्मक वातावरण को और समृद्ध किया।