राजीव भवन पर हमले को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी नेताओं पर दर्ज कराई FIR

थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी I असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (APCC) ने सोमवार को भंगागढ़ थाने में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। यह कदम 31 अगस्त को राज्य कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में हुई हिंसक झड़प के बाद उठाया गया है।
एपीसीसी के महासचिव (प्रशासन) प्रद्युत कुमार भुइयां द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय को घेरने के नाम पर जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान पार्टी के पोस्टर और बैनर फाड़े गए, तोड़फोड़ की गई और कांग्रेस कार्यकर्ताओं — खासतौर से महिला कार्यकर्ताओं — को डराया-धमकाया गया।
एफआईआर में कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों के नाम शामिल हैं, जिनमें रत्ना सिंह (उपाध्यक्ष, भाजपा असम प्रदेश), रूपम गोस्वामी (प्रांतीय संयोजक, मीडिया विभाग), जूरी शर्मा बोरदोलोई (उपाध्यक्ष), राजीव शर्मा (प्रवक्ता), गुंजन बर्मन, निहारेंद्र शर्मा (अध्यक्ष, गुवाहाटी शहर जिला BJYM), पुरबी रॉय (GMDA सदस्य), सिद्धांकु अंकुर बरुआ के साथ कई अन्य अज्ञात कार्यकर्ताओं को नहीं पता घटना में शामिल बताया गया है।
एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता, 2023 (BNS) की कई धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं, जिनमें अवैध जमावड़ा, दंगा, आपराधिक अतिक्रमण, तोड़फोड़, आपराधिक धमकी और लोक सेवक पर हमला शामिल है। सबसे गंभीर आरोप यह है कि डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) मृणाल डेका, जो मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौजूद थे, पर काले स्याही से हमला किया गया। उनके चेहरे और वर्दी पर स्याही फेंकी गई, जिससे उनकी ड्यूटी में बाधा उत्पन्न हुई और सार्वजनिक प्राधिकरण के प्रति भय का माहौल बना।
कांग्रेस ने तत्काल एफआईआर पंजीकरण, आरोपियों की गिरफ्तारी, गवाहों की सुरक्षा और सीसीटीवी फुटेज व अन्य वीडियो साक्ष्यों की गहन जांच की मांग की है।