Header Advertisement     

लखीमपुर में छठ महापर्व की तैयारियाँ जोरों पर, जुबिन गर्ग की स्मृति में सादगी से होगा आयोजन

थर्ड आई न्यूज

लखीमपुर से बाबू देव पांडे

श्री श्री सूर्य षष्ठी व्रत महोत्सव (छठ पूजा) को लेकर लखीमपुर के सुन्दरी नदी छठ घाट पूजा समिति की तैयारियाँ ज़ोरों पर हैं। चार दिवसीय इस महापर्व के कार्यक्रमों का क्रम इस प्रकार निर्धारित किया गया है — 25 अक्टूबर को नहाय-खाय, 26 अक्टूबर को खरना, 27 अक्टूबर को संध्या अर्घ्य और 28 अक्टूबर को प्रातःकालीन अर्घ्य एवं पारन के साथ समापन किया जाएगा।

समिति के कार्यकर्ताओं द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए क्रमबद्ध बैठने की व्यवस्था हेतु कूपन वितरण किया जा रहा है। यह वितरण 15 से 19 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 9:30 से दोपहर 1:30 बजे तक और 21 से 26 अक्टूबर तक सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सर्वेश्वर बरुवा हिंदी विद्यालय, सुन्दरी नदी घाट परिसर में किया जा रहा है।

घाट की सफाई, पेयजल की व्यवस्था और आकर्षक लाइटिंग का कार्य अंतिम चरण में है। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से 21 अक्टूबर को उपायुक्त कार्यालय में जिला प्रशासन और समिति पदाधिकारियों की बैठक भी सम्पन्न हुई।

इस वर्ष पूजा का मुख्य आकर्षण सूर्य भगवान की सात घोड़ों पर सवार भव्य प्रतिमा होगी। साथ ही, 27 अक्टूबर को समिति द्वारा शोभा यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जो पंजाब होटल से प्रारंभ होकर एन.टी. रोड होते हुए खेल माटी छठ घाट तक जाएगी।

समिति सूत्रों के अनुसार, असम के लोकप्रिय गायक जुबिन गर्ग के आकस्मिक निधन के कारण इस वर्ष का आयोजन सादगीपूर्वक किया जाएगा। श्रद्धालुओं द्वारा घाट पर सामूहिक रूप से जुबिन दा को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

समिति अध्यक्ष संजय दुबे और सचिव शमशेर सिंह ने सभी श्रद्धालुओं से आह्वान किया है कि वे तन, मन और धन से सहयोग कर इस पुण्य महापर्व को सफल बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *