Assam: PAK एजेंट वाले बयान पर गोगोई का सीएम हिमंत पर पलटवार, कहा- मुख्यमंत्री अपना पद संभालने के लिए अयोग्य
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी I असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को राज्य कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई को विदेशी ताकतों द्वारा स्थापित एक पाकिस्तानी एजेंट बताया था। अब कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने मुख्यमंत्री पर पलटवार किया है। विपक्षी नेता ने शनिवार को दावा किया कि हिमंत विश्व शर्मा की ऐसी टिप्पणियों से पता चलता है कि वह सरकार के मुखिया के रूप में अपना पद संभालने के लिए “अयोग्य” हैं।
हिमंत विश्व शर्मा गोगोई पर उनकी ब्रिटिश पत्नी के माध्यम से पाकिस्तानी संबंधों का आरोप लगा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को दावा किया था कि कांग्रेस नेता एक पाकिस्तानी एजेंट हैं, जिन्हें विदेशी ताकतों द्वारा स्थापित किया गया है और उनके पास इसे साबित करने के लिए सबूत हैं।
हिमंत विश्व शर्मा के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए गौरव गोगोई ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, पिछले कुछ महीनों में हिमंत विश्व शर्मा की विश्वसनीयता कम हो गई है। कल जब पूरा राज्य जुबिन गर्ग को ‘रोई रोई बिनाले’ फिल्म में आखिरी बार देख रहा था, तब मुख्यमंत्री के बयान ने यह दिखा दिया कि उन्हें सत्ता खोने का डर सताने लगा है। यह एक और उदाहरण था कि असम की जनता के लिए मुख्यमंत्री के तौर पर वे क्यों अयोग्य हैं।
गौरव गोगोई 100 फीसदी पाकिस्तानी एजेंट: हिमंत
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को कांग्रेस सांसद और प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई पर पाकिस्तानी एजेंट होने का गंभीर आरोप लगाया था। मुख्यमंत्री ने उन्हें 100 फीसदी पाकिस्तानी एजेंट करार दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह विदेशी शक्ति के जरिये हमारे देश में भेजे गए हैं। शर्मा और भाजपा लंबे समय से गोगोई की ब्रिटिश पत्नी के जरिये उनका संबंध पाकिस्तान से जोड़ते रहे हैं। हालांकि, कांग्रेस नेता ने हमेशा इसे खारिज किया है।
गोगोई ने पहले भी सीएम के आरोपों को सी-ग्रेड बॉलीवुड फिल्म बता चुके हैं। शर्मा ने कहा कि वह सिंगापुर में गायक जुबीन गर्ग की मौत के मामले की जांच पूरी होने के बाद गोगोई के खिलाफ सबूत पेश करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह अभी प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करेंगे, ताकि कोई यह न कह सके कि जुबीन गर्ग मामले से ध्यान भटकाया जा रहा है।

