Bihar Election: पीएम मोदी का दावा- 11 नवंबर के बाद राजद-कांग्रेस वाले एक-दूसरे का सिर फोड़ने लगेंगे
थर्ड आई न्यूज
पटना I प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय बिहार दौरे पर हैं। आरा के बाद वह नवादा में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे। यहां पर भाजपा और एनडीए के नेताओं ने उनका स्वागत किया। साथ ही जनसभा में आए लोगों ने भारत माता के जयकारे लगाए। पीएम मोदी ने लोगों को संबोधित करते हुए इस बार फिर से एनडीए सरकार के नारे लगाए। उन्होंने मगही भाषा में लोगों को नमन किया। कहा कि यह मगही पान की धरती है। मैं तो बनारस का सांसद हूं। मगही पान और बनारस का संबंध हमलोगों से अच्छा कौन जानेगा। नवादा, गयाजी, नालांदा, औरंगाबाद, जहानबाद या अरवल हो, इन सभी जगहों पर अद्भुद सामर्थ्य है। श्री कृष्ण बाबू ने बिहार के विकास की नींव रखी। यह धरती लोकनायक जयप्रकाश नारायण और भोला सिंह जैसे जनसेवकों की कर्मभूमि रही है। मगध पुरातन भारत की शान है। अब हमें मगध को और बिहार को फिर वही पुराना गौरव लौटाना है। हमें विकासित बिहार बनाना है। इसलिए आज मैं एनडीए के सभी उम्मीदवारों को लिए आपका आशीर्वाद मांगने आया हूं। आपका उत्साह देखकर लग रहा है कि एक बार फिर से एनडीए की सरकार आएगी।
बिहार का विकास एकजुट एनडीए ही कर सकता है :
पीएम मोदी ने कहा कि राजद और कांग्रेस की रग-रग की सच्चाई बिहार की जनता जानती है। राजद और कांग्रेस दो परिवारों के बीच सिमटी हुई पार्टियां हैं। एक बिहार का सबसे भ्रष्ट परिवार और दूसरा देश का सबसे भ्रष्ट परिवार। अब इन दो परिवारों में ही जंग छिड़ गया है। जंगलराज के युवराज को लगता है कि एक युवराज की पदयात्रा ने उन्हें पैदल कर दिया। आज तक यह दोनों दल एक-दूसरे के बाल नोंचने में लगे थे। अब तो खबर यह है कि हर बूथ पर कांग्रेस के लोगों ने राजद को हराने की ठान ली है। आप देखिएगा कि 11 नवंबर को दूसरे चरण का मतदान खत्म होते ही राजद और कांग्रेस एक-दूसरे का सिर फोड़ने लगेंगे। बिहार का विकास एकजुट एनडीए ही कर सकता है। एनडीए सबको अवसर देता है। सबको सम्मान देता है। वहीं जंगलराज वालों के लिए सिर्फ अपना परिवार ही मायने रखता है।
पीएम मोदी ने बताया जंगलराज की क्या पहचान थी :
पीएम मोदी कहा कि राजद-कांग्रेस भ्रष्ट परिवारों ने अपने स्वार्थ के लिए सामाजिक न्याय का उपयोग किया। केवल अपने परिवार की तिजौरियों को भरा। बिहार की संपत्तियों को लूटा। मैं सभी नौजवान साथियों को सतर्क रहने के लिए कहूंगा। आप सोचिए जब आपके दादा-दादी और नाना-नानी ने श्रीकृष्ण बाबू का दौर देखा था। उस दौरान बिहार नई उम्मीद और नए भविष्य की ओर बढ़ रहा था। लेकिन, आपके माता-पिता वाली पीढ़ी ने जंगलराज देखा। आपके दादा-दादी के सपने चूर-चूर हो गए। तब बिहार में जंगलराज ने पैर रख दिया था। उन्होंने कहा कि कटता, क्रूरता, कुसंस्कार, कुशासन और करप्शन ही राजद के जंगलराज की एक ही पहचान थी। जंगलराज ने मगध नरसंहार का दाग लगा दिया।
राजद और कांग्रेस वाले होते तो आपकी तिजौरी लूट लेते :
पीएम मोदी महागठबंधन पर भी जमकर हमला बोला। साथ ही एनडीए की जीत का दावा करते हुए कहा कि इस बार भारी बहुमत से एनडीए की सरकार बनने जा रही है। आपका यह उत्साह बता रहा है कि इस बार महागठबंधन की करारी हार होने वाली है। पीएम मोदी ने कहा कि जिसे किसी ने नहीं पूछा, उसे मोदी पूजता है। आजाद भारत में पहली बार ऐसा हुआ है कि छोटे किसानों के लिए बैंक के दरवाजे तक बंद थे। मोदी ने छोटे किसानों के लिए खाते खुलवाए। बिहार के किसानों को अब तक 30 हजार करोड़ मिल चुके हैं। नवादा के दो लाख किसानों के खाते में 650 करोड़ रुपये जमा हो चुके हैं। याद रखिए सारा का सारा पैसा बिना कट कमीशन के आपके खाते में जमा हुआ है। अगर राजद और कांग्रेस वाले होते तो आपका सारा पैसा लूटकर अपनी तिजौरी भर लेते। यह मैं नहीं कांग्रेस के ही एक प्रधानमंत्री ने कहा था कि दिल्ली का एक रुपया गांव पहुंचते-पहुंचते 15 पैसा बन जाता है। यह कौन सा पंजा था जो आपका पैसा लूट लेता था। इसके बाद पीएम मोदी ने एनडीए सरकार की विकास योजनाओं के बारे में जानकारी दी और एनडीए प्रत्याशियों को वोट देने की अपील की।
बिहार की जनता ने महागठबंधन वालों को 2005 में ही भगा दिया :
पूर्व डिप्टी सीएम रेणु देवी ने कहा कि बिहार की जनता ने महागठबंधन वालों को 2005 में ही भगा दिया है। इसलिए बिहार में अब दरिद्रता नहीं आने वाली है। हमारे पिछड़े, अतिपिछड़े, दलित समाज के लोग अब इन्हें वोट नहीं देने वाले हैं। वह नीतीश कुमार को ही वोट करेंगे। हमलोगों ने एक करोड़ नौकरी देने का वादा किया है। एक करोड़ बहने लखपति दीदी बनेंगी। बिहार में फिर से एनडीए सरकार बनने जा रही है।

