IPL 2026: मुंबई से छूटा अर्जुन तेंदुलकर का साथ, शमी भी हैदराबाद से हुए अलग; देखें ट्रेड हुए खिलाड़ियों की सूची
थर्ड आई न्यूज
नई दिल्ली I भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर का साथ मुंबई इंडियंस से छूट गया है। आईपीएल 2026 के लिए होने वाली मिनी नीलामी से पहले सभी 10 फ्रेंचाइजी को खिलाड़ियों के रिटेन और रिलीज की सूची सौंपनी है। इसके लिए शनिवार आखिरी दिन है। इससे पहले मुंबई इंडियंस ने अर्जुन को लखनऊ सुपर जाएंट्स में ट्रेड कर दिया है। अर्जुन आईपीएल के आगामी सीजन में लखनऊ की जर्सी में खेलते नजर आएंगे। लखनऊ ने अर्जुन को 30 लाख रुपये देकर टीम में जोड़ा है। आइए जानते हैं फ्रेंचाइजी ने किन खिलाड़ियों को ट्रेड किया है…
MI ने अर्जुन को दी शुभकामनाएं :
मुंबई इंडियंस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, मुंबई इंडियंस परिवार का एक मूल्यवान सदस्य बनने के लिए धन्यवाद, अर्जुन! मुंबई इंडियंस में हर कोई लखनऊ सुपर जाएंट्स के साथ आपकी यात्रा के अगले अध्याय के लिए आपको शुभकामनाएं देता है। हमें आपके विकास का हिस्सा बनने पर गर्व है और हम आपके निरंतर प्रगति और अपनी पहचान बनाने के अवसरों को देखने के लिए उत्सुक हैं।
मुंबई से फिर जुड़े मयंक मार्केंडे
लेग स्पिनर मयंक मार्केंडे एक बार फिर मुंबई इंडियंस के साथ जुड़ गए हैं। आईपीएल 2026 से पहले मुंबई ने मार्केंडे को टीम में शामिल किया है। मुंबई ने मयंक को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से ट्रेड किया है। मयंक मुंबई में 30 लाख रुपये की फीस पर शामिल हुए हैं। केकेआर ने उन्हें इतने मूल्य पर ही खरीदा था। मार्केंडे ने अपना करियर मुंबई इंडियंस के साथ शुरू किया था और 2018, 2019 और 2022 में इस फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व किया था।
लखनऊ के हुए शमी :
सनराइजर्स हैदराबाद के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी अब लखनऊ सुपर जाएंट्स में शामिल हो गए हैं। लखनऊ ने सनराइजर्स से शमी को ट्रेड किया है। शमी को सनराइजर्स ने 10 करोड़ रुपये में खरीदा था और वह अपनी निर्धारित फीस पर लखनऊ से जुड़े हैं।
नीतीश को दिल्ली ने किया ट्रेड :
अनुभवी बल्लेबाज नीतीश राणा आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व करेंगे। दिल्ली ने नीतीश को राजस्थान रॉयल्स से 4.2 करोड़ रुपये में ट्रेड किया है। राजस्थान ने पिछले साल मेगा नीलामी में नीतीश राणा को खरीदा था। राणा अब तक 100 से अधिक मैच खेल चुके हैं और 2023 में श्रेयस अय्यर के चोटिल होने के कारण उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) टीम की कप्तानी भी की थी।
राजस्थान के लिए खेलेंगे फरेरा :
डोनोवान फरेरा अब राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलेंगे। वह पहले भी इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा रह चुके हैं और आईपीएल के आगामी सत्र से पहले उनकी पुरानी टीम में वापसी हुई है। राजस्थान ने फरेरा को दिल्ली कैपिटल्स से ट्रेड किया है। ट्रांसफर करार के तहत फरेरा को 75 लाख रुपये के बजाए एक करोड़ रुपये में लिया गया है।
येलो जर्सी में दिखेंगे सैमसन :
राजस्थान रॉयल्स की कमान संभालने वाले संजू सैमसन अब येलो जर्सी में नजर आएंगे। राजस्थान ने सीएसके से डील की है और सैमसन अब सीएसके का हिस्सा बन गए हैं। सैमसन 18 करोड़ रुपये की फीस पर चेन्नई से जुड़े हैं।
राजस्थान में शामिल हुए जडेजा-करन :
लंबे समय तक सीएसके का अहम हिस्सा रहे रवींद्र जडेजा अब राजस्थान रॉयल्स में शामिल हो गए हैं। जडेजा को 18 करोड़ के बजाए 14 करोड़ रुपये की संशोधित फीस पर राजस्थान को ट्रेड किया गया है। वहीं, सीएसके ने सैम करन को 2.4 करोड़ रुपये में राजस्थान को ट्रेड किया है।

