alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

श्री श्याम परिवार, नगांव का छठा वार्षिक संकीर्तन एवं फाल्गुन महोत्सव 7–8 फरवरी को, तैयारियां जोरों पर

थर्ड आई न्यूज

नगांव से जयप्रकाश सिंह

नगांव शहर में श्री श्याम परिवार, नगांव द्वारा आयोजित छठा वार्षिक श्री श्याम संकीर्तन एवं फाल्गुन महोत्सव आगामी 7 एवं 8 फरवरी 2026 को भव्य रूप से मनाया जाएगा। यह दो दिवसीय धार्मिक आयोजन सेठ मेघराज अग्रवाल स्मृति भवन, हैबरगांव, नगांव में आयोजित होगा, जिसकी तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं।

इस अवसर पर भजनामृत संकीर्तन, संगीतमय सुंदरकांड पाठ, भक्ति संगीत की विशेष प्रस्तुतियाँ तथा नृत्य नाटिका जैसे आकर्षक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के पहले दिन 7 फरवरी को सुंदरकांड परिवार, तिनसुकिया द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ प्रस्तुत किया जाएगा। इसके पश्चात कोलकाता की प्रसिद्ध तुलिका नृत्य नाटिका ग्रुप द्वारा भावपूर्ण नृत्य नाटिका की प्रस्तुति दी जाएगी, जो भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।

दूसरे दिन 8 फरवरी को खाटूधाम से पधारे प्रख्यात भजन गायक अजहर अली बाबा श्री श्याम के चरणों में विशेष हाजरी लगाएंगे। साथ ही फरीदाबाद की संध्या तोमर एवं गुरुग्राम के शुभम ठकरान जैसे सुप्रसिद्ध भजन गायक भी अपनी सुमधुर भजन प्रस्तुतियों से संकीर्तन को भक्तिमय बनाएंगे।

इस दिन बाबा के परम भक्त एवं पुजारी हरीश शर्मा (दिल्ली) के सानिध्य में बाबा श्री श्याम के शीश का पावन आगमन भी होगा, जो इस आयोजन की प्रमुख विशेषता होगी। 8 फरवरी रविवार को श्री कृष्णाश्रम शिव मंदिर से सेठ मेघराज अग्रवाल स्मृति भवन तक हजारों श्रद्धालुओं द्वारा भव्य निशान यात्रा भी निकाली जाएगी।

दोनों ही दिनों में श्याम रसोई के माध्यम से भक्तों के लिए प्रसाद की उत्तम व्यवस्था की गई है।

आयोजक श्री श्याम परिवार, नगांव ने समस्त समाजबंधुओं एवं श्याम भक्तों से इस दिव्य आयोजन में सपरिवार सहभागी बनने का आग्रह करते हुए बाबा श्री श्याम की कृपा प्राप्त करने का भावपूर्ण निमंत्रण दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *