alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

विश्व शांति के संकल्प के साथ होजाई से नगांव श्याम धाम तक निकली भव्य निशान पदयात्रा

थर्ड आई न्यूज

होजाई से रमेश मुंदड़ा

विश्व शांति और समृद्धि की कामना के साथ होजाई शहर से शुक्रवार को श्री श्याम धाम, नगांव के लिए दो दिवसीय भव्य निशान पदयात्रा का शुभारंभ हुआ। यह पदयात्रा श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर, होजाई से प्रारंभ हुई, जिसका आयोजन सांवरिया भक्त मंडल द्वारा किया गया।

पदयात्रा में अलौकिक रूप से सुसज्जित रथ पर बाबा श्री श्याम विराजमान थे, जिनके समक्ष अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई। भक्तों ने श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ निशान ध्वज लेकर जयकारों के बीच यात्रा आरंभ की।

पिछले वर्षों की परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी मारवाड़ी समाज के साथ-साथ बिहारी, बंगाली सहित विभिन्न समुदायों के सैकड़ों पुरुष, महिलाएं, युवक-युवतियां एवं अन्य वर्गों के श्रद्धालु पदयात्रा में शामिल हुए। अपनी-अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के उद्देश्य से प्रातः 7:30 बजे शुरू हुई यह यात्रा लगभग 10:30 बजे नीलबागान पहुंची, जहां अल्पाहार के बाद पदयात्रियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-54 के रास्ते डबका की ओर प्रस्थान किया।

दोपहर में डबका पहुंचने के बाद पदयात्रा रेंगबेंग होते हुए कठियातली पहुंचकर रात्रि विश्राम करेगी। यहां श्याम प्रेमियों द्वारा श्याम धमाल और भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। नगांव के संजय पोद्दार और होजाई के ललित बोर सहित अनेक श्याम भक्त अपनी मधुर भजनों की प्रस्तुति से भक्तों के बीच भक्ति रस की गंगा बहाएंगे।

श्याम प्रेमी भक्तों के अनुसार, शनिवार को नगांव स्थित श्री श्याम धाम पहुंचकर लगभग 60 किलोमीटर लंबी यह निशान पदयात्रा संपन्न होगी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने असम सहित संपूर्ण विश्व में शांति, सौहार्द और समृद्धि की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *