alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

आठगांव–कुमारपारा–नारायण नगर का संयुक्त हिन्दू सम्मेलन हर्षोल्लास के साथ संपन्न

थर्ड आई न्यूज

गुवाहटी I राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सम्पूर्ण भारतवर्ष के साथ-साथ असम में भी मंडल एवं बस्ती स्तर पर हिन्दू समाज द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुवाहाटी महानगर के उमानंद नगर अंतर्गत नीलकंठ एवं नारायण बस्ती के तत्वावधान में आठगांव, कुमारपारा एवं नारायण नगर का संयुक्त हिन्दू सम्मेलन बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया।

यह सम्मेलन आठगांव स्थित बिमल ऑटो कंपाउंड (पुरानी पंजाबी गली) में संपन्न हुआ, जिसमें लगभग 1000 लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान डेढ़ घंटे तक चले सांस्कृतिक आयोजन में स्थानीय कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

बौद्धिक सत्र में सम्मेलन के अध्यक्ष निकेतन दास ने स्वागत भाषण देते हुए हिन्दू समाज को एकजुट होकर संगठित रहने का संदेश दिया। मुख्य वक्ता भारतीय सेना के सेवानिवृत्त कर्नल जगदीश लाल ने हिन्दू और हिन्दुत्व विषय पर मार्गदर्शन प्रदान किया।

द्वितीय वक्ता के रूप में राष्ट्र सेविका समिति की महानगर कार्यवाहिका नमिता दास ने “पाँच परिवर्तन” तथा समाज में महिलाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे। वहीं तृतीय वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के गुवाहाटी विभाग सेवा प्रमुख पंकज जालान ने संघ की 100 वर्षों की प्रेरणादायी यात्रा पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के अंत में सचिव सुशील जालान ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। सम्मेलन का समापन राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता एवं हिन्दू समाज की एकता के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *