अमित शाह का PAK पर तंज: गृह मंत्री बोले- स्थान, प्रारूप या तारीख बदले पर नतीजा एक जैसा रहेगा; भारत को दी बधाई
थर्ड आई न्यूज
नई दिल्ली I भारत की जीत के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने पाकिस्तान पर करारा तंज कसा है। अमित शाह ने कहा कि भले ही स्थान, प्रारूप और तारीख बदल जाए, लेकिन नतीजे एक जैसा ही रहेगा। भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को टी20 विश्व कप के मुकाबले में 61 रनों से हराया। भारत ने इसके साथ ही सुपर आठ चरण के लिए क्वालिफाई कर लिया है I
भारत की बड़ी जीत :
भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने कोलंबो में खेले गए मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी टीम को 61 रनों से हराया। भारत ने ईशान किशन के अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन बनाए। भारत के लिए ईशान किशन ने अर्धशतक लगाया। पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई। यह भारत की टी20 में पाकिस्तान के खिलाफ रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत है।
बधाईयों का लगा तांता :
पाकिस्तान के खिलाफ जीत हासिल करने के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर भारतीय खिलाड़ियों को बधाई दी। अमित शाह ने कहा, टीम इंडिया ने शानदार खेला है। प्रारूप, स्थान और तारीखें भले ही बदल जाएं, लेकिन भारत बनाम पाकिस्तान का नतीजा हमेशा एक जैसा रहेगा। पूरी टीम को बधाई!
केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा, भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान के विरुद्ध शानदार प्रदर्शन करते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की। टीम इंडिया के सभी खिलाड़ियों को इस बेहतरीन जीत के लिए हार्दिक शुभकामनाएं। आपके जुनून, अनुशासन और टीमवर्क ने एक बार फिर देश का मान बढ़ाया है। यह जीत हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है।
सैकिया ने टीम को सराहा :
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, कप्तान सूर्यकुमार यादव और भारतीय टीम को पाकिस्तान पर एक बार फिर शानदार जीत के लिए बधाई। आज की यह बड़ी जीत और 8-1 का अंतर भारतीय क्रिकेट की गुणवत्ता, गहराई और दबदबे को दर्शाता है। जिस तरह से यह टीम अलग-अलग पिचों पर खुद को ढालती है, वह वाकई सराहनीय है।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">