बरपेटा रोड में सनसनीखेज डकैती, सेनको अलंकार नामक ज्वेलर्स से करोड़ों के गहने लूटे
थर्ड आई न्यूज
बरपेटा रोड से राजकुमार साह
बरपेटा रोड I असम के बरपेटा रोड शहर में एक सनसनीखेज डकैती की घटना सामने आई है। शहर के दुर्गाबाड़ी रोड स्थित Senco Gold & Diamonds (सेनको अलंकार) नामक आभूषण प्रतिष्ठान में पांच सदस्यीय डकैत गिरोह ने हथियारों के बल पर लूटपाट की।
बताया जा रहा है कि डकैतों के हाथों में पिस्तौल थी। गिरोह ने दुकान से करोड़ों रुपये मूल्य के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण लूट लिए। इसके अलावा कई लाख रुपये नकद भी अपने साथ ले गए।
घटना बरपेटा रोड थाना से लगभग 200 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। डकैतों ने लूट के बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया और हार्ड डिस्क भी निकालकर अपने साथ ले गए, ताकि पहचान से बचा जा सके। डकैती की वारदात को अंजाम देते वक्त उन्होंने प्रतिष्ठान के कर्मचारियों के हाथ बांध दिए तथा उनके मुंह पर सेलो टेप लगा दी थी I
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर दी गई है। संदिग्धों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित किए जाने की भी संभावना है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
यदि इस मामले में कोई आधिकारिक प्रेस बयान, गिरफ्तारी या बरामदगी की जानकारी उपलब्ध होती है, तो वह पुलिस द्वारा सार्वजनिक की जाएगी।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">