गुवाहाटी में बीकानेर नागरिक मंच की होली धमाल 2026 की तैयारियां तेज, समीक्षा बैठक सम्पन्न
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी। बीकानेर नागरिक मंच, गुवाहाटी द्वारा होली धमाल 2026 के आयोजन को लेकर स्थानीय होटल में कार्यकारिणी समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत मंच सचिव रजत स्वामी ने सभी सदस्यों के स्वागत के साथ की। इसके बाद अध्यक्ष बाबूलाल नवलखा ने अध्यक्षीय उद्बोधन देते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा और तैयारियों पर अपने विचार रखे।
बैठक के अगले चरण में आगामी 26 फरवरी की शाम आईटीए सेंटर में आयोजित होने वाले ‘होली धमाल 2026’ कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। मंच की ओर से आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में सभी सदस्य एवं उनके परिवारजन सादर आमंत्रित रहेंगे।
कार्यक्रम में अभिषेक मिश्रा एंड ग्रुप की कलाकार टीम द्वारा राजस्थानी लोकगीत, नृत्य एवं विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। आयोजन की सफलता के लिए मंच के सदस्य उत्साह और तत्परता के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं।
कार्यक्रम संयोजक घेवर चंद सिपानी और मान मल लोढ़ा ने कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बनाने के उद्देश्य से सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों का स्वागत किया तथा सभी से सहयोग और सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
मंच की ओर से यह भी बताया गया है कि गुवाहाटी में निवास कर रहे बीकानेर प्रवासी, जो अभी तक मंच के सदस्य नहीं हैं, वे निर्धारित नियमों का पालन करते हुए सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। इसके लिए मंच के सचिव, पदाधिकारी या कार्यकारिणी सदस्यों से संपर्क किया जा सकता है।
यह जानकारी प्रेस नोट के माध्यम से पंकज फलोदिया ने दी।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">