गल्लापट्टी हनुमान मंदिर में हर्षोल्लास से मनाया गया होली उत्सव, भक्तों ने लिया बढ़-चढ़कर भाग
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 24 फरवरी 2026। फैंसी बाजार के टीआर फूकन रोड स्थित गल्लापट्टी हनुमान मंदिर में मंगलवार को होली उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरे मंदिर प्रांगण को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिससे वातावरण अत्यंत मनोहारी और भक्तिमय बन गया।
होली उत्सव के अवसर पर बालाजी महाराज का राजस्थानी परंपरा के अनुसार साफा धारण कर अलौकिक श्रृंगार किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित किया। मंदिर के प्रमुख आदर्श शर्मा (बबली) ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के दौरान चंग की थाप पर पारंपरिक राजस्थानी भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई।
इस अवसर पर बालाजी महाराज को प्रसाद स्वरूप ठंडाई का भोग अर्पित किया गया, जिसे बाद में श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लेकर उत्सव को उल्लासपूर्ण बना दिया।
पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक परंपराओं का सुंदर संगम देखने को मिला।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">