alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

होली धमाल 2026: बीकानेर नागरिक मंच का रंगारंग होली मिलन समारोह, 700 से अधिक अतिथियों की सहभागिता

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी। बीकानेर नागरिक मंच द्वारा “होली धमाल 2026” के अंतर्गत भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन ITA सेंटर माछखोवा में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यकारिणी एवं मंच के वरिष्ठ सदस्यों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

गणेश वंदना के पश्चात अभिषेक मिश्रा और उनकी टीम ने राजस्थानी लोकगीतों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया और श्रोताओं को उत्सव के रंग में सराबोर कर दिया।

मंच अध्यक्ष बाबूलाल नवलखा ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में बीकानेर शहर की सांस्कृतिक विशेषताओं को रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया। उन्होंने मायड़ भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उसके संरक्षण और संवर्धन की अपील की। साथ ही महिला शक्ति और युवा शक्ति से मंच की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

लगभग तीन घंटे चले इस कार्यक्रम में 700 से अधिक अतिथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अंत तक प्रस्तुति का आनंद उठाया। कार्यक्रम के मुख्य प्रायोजक बीकाजी ग्रुप तथा सह-प्रायोजक किरण श्री और सोल वाटर ग्रुप को सम्मानित कर उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।

मंच के निवर्तमान अध्यक्ष घेवरचंद सिपानी और सचिव संजय बाफना को उनकी सेवाओं के लिए प्रशस्ति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। वरिष्ठ सदस्यों के योगदान को भी स्मरण करते हुए उनका सम्मान किया गया। सम्मान श्रृंखला में मुख्य कलाकार अभिषेक मिश्रा और उनकी टीम को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में संयोजक घेवरचंद सिपानी और मानमल लोढ़ा सहित सभी सदस्यों का सक्रिय सहयोग रहा। मंच सचिव रजत स्वामी ने कार्यक्रम का कुशल संचालन किया, जबकि अंत में पंकज फलोदिया ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

रंग, संस्कृति और सामाजिक एकजुटता के संगम के रूप में यह होली मिलन समारोह अत्यंत सफल और यादगार साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *