alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

श्री श्याम सत्संग मंडल का 57वां वार्षिक महोत्सव आरंभ, सांसद बिजुली कलिता मेधी ने बाबा के दरबार में लगाई हाजरी

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 27 फरवरी। महानगर की प्राचीन धार्मिक संस्था श्री श्याम सत्संग मंडल, गुवाहाटी के तत्वावधान में खाटू नरेश श्री श्याम प्रभु का दो दिवसीय 57वां वार्षिक महोत्सव शुक्रवार से भक्ति और उत्साह के साथ आरंभ हो गया। फैंसी बाजार के एम.एस. रोड स्थित साधना मंदिर परिसर में आयोजित इस भव्य महोत्सव में बाबा का फूलों से सजा दिव्य दरबार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। शीश के दानी श्री श्याम प्रभु का अलौकिक श्रृंगार भक्तों को भावविभोर कर रहा है।

महोत्सव का शुभारंभ प्रातः अखंड ज्योत प्रज्ज्वलन एवं बाबा की महाआरती के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और मंडल के सदस्यों ने भाग लिया। महोत्सव के पहले दिन गुवाहाटी की सांसद बिजुली कलिता मेधी तथा प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष जूरी शर्मा बरदौले सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने दरबार में पहुंचकर बाबा के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। संस्था की ओर से सभी अतिथियों का दुपट्टा एवं प्रसाद भेंट कर अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्री श्याम सत्संग मंडल तथा विभिन्न प्रसिद्ध भजन मंडलियों द्वारा भजनों की प्रस्तुति से हुआ। महानगर की अग्रणी भजन मंडलियों ने 24 घंटे का अष्ट प्रहर संकीर्तन कर भक्तिमय वातावरण बना दिया। सायं 7 बजे से जयपुर से आमंत्रित भजन गायिका सुश्री सुरभी चतुर्वेदी एवं गायक नवीन जोशी ने अपने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर बाबा के दरबार को भावमय कर दिया। इसके अलावा स्थानीय कलाकारों ने भी भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। देर रात तक भक्त श्याम प्रभु के भजनों में लीन होकर आनंद लेते रहे।

महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को हवन एवं पूर्णाहुति के पश्चात दोपहर 12:30 बजे बाबा की महाआरती कर छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर महोत्सव को सफल बनाने का आग्रह किया है। आयोजन की तैयारियों और व्यवस्था में मंडल के सभी सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *