श्री श्याम सत्संग मंडल का फाल्गुन उत्सव धूमधाम से संपन्न
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 28 फरवरी। श्री श्याम सत्संग मंडल के तत्वावधान में शुक्रवार से शुरू हुए खाटू नरेश श्री श्याम प्रभु का दो दिवसीय गौरवशाली 57वां वार्षिक महोत्सव शनिवार को महाआरती के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। फैंसी बाजार के एमएस रोड स्थित साधना मंदिर प्रांगण महोत्सव के दूसरे दिन आज सुबह भजन-कीर्तन के कार्यक्रम में भक्तों की भारी भीड़ देखी गई। तत्पश्चात दोपहर को भक्तों की भारी उपस्थिति में महाआरती के बाद श्याम प्रभु को छप्पन भोग एवं सवामणि का प्रसाद चढ़ाया गया, जिसे बाद में श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया।
समिति की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। इधर प्रशासन द्वारा अनुमति नहीं मिलने के चलते नियमों का सम्मान करते हुए मंडल की ओर से विराट शोभायात्रा को पूर्णतः रद्द करते हुए सूक्ष्म रूप से केवल बाबा के शीश विग्रह को फूलों से सजे वाहन में विराजमान कर परंपरा का निर्वहन किया गया एवं गल्लापट्टी स्थित पंचायती ठाकुरबाड़ी में ले जाया गया। भक्तों ने श्री श्याम सत्संग मंडल द्वारा की गई व्यवस्थाओं को काफी सराहा। दो दिवसीय श्री श्याम जयंती महोत्सव के विराट आयोजन को सफल बनाने में समिति के सभी सदस्यों का भरपूर सहयोग रहा।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">