महाराजा अग्रसेन होली महोत्सव 2026 धूमधाम से संपन्न, 1500 से अधिक लोगों ने लिया उत्सव का आनंद
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी गुवाहाटी के अग्रवाल समाज की पाँच प्रमुख संस्थाओं द्वारा संयुक्त रूप से महाराजा अग्रसेन होली महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन 1 मार्च 2026, रविवार को अग्रसेन पैलेस, पामोही (गार्चुक के समीप) में हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। उत्सव में समाज के सभी वर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रंगों व संस्कृति से सराबोर इस आयोजन का भरपूर आनंद उठाया।
इस संयुक्त आयोजन में महाराजा अग्रसेन चैरिटेबल ट्रस्ट, अग्रवाल सभा, महाराजा अग्रसेन शिक्षा कोष, अग्रवाल युवा परिषद एवं अखिल भारतीय अग्रवाल महिला सम्मेलन की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री गणेश भगवान, मां लक्ष्मी एवं महाराजा अग्रसेन के चित्रों के समक्ष सभी संस्थाओं के पदाधिकारियों और समाज के विशिष्ट सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम संयोजक अजय पोद्दार ने बताया कि महोत्सव में लगभग 1500 से अधिक लोग शामिल हुए, जिनमें बच्चों और महिलाओं की विशेष सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन महाराजा अग्रसेन चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष मनोज जालान के संबोधन से हुआ।
दोपहर 2:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक आयोजित कार्निवल फेस्टिवल महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहा। इसमें राजस्थान, सिलीगुड़ी और गुवाहाटी से आए कलाकारों ने सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। राजस्थान से आए कलाकारों ने कच्छी घोड़ी, रावणहट्टा, लांगा स्वागत गीत, कालबेलिया नृत्य सहित विविध लोक प्रस्तुतियाँ दीं। इसके अतिरिक्त मैजिक शो, चार्ली चैप्लिन, गोल्डन मिरर मैन, यूनिसाइकिल जोकर, टैटू आर्ट, कैरिकेचर, लाइव पॉटरी, बाउंसी कैसल और ट्रैम्पोलिन जैसे आकर्षक काउंटर भी लगाए गए।
महिलाओं के लिए मेहंदी, नेल पेंट और टैरो कार्ड रीडिंग की विशेष व्यवस्था की गई, जबकि इत्र, पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा और कार्टून कलाकारों के काउंटर भी आकर्षण का केंद्र रहे।
सायं 6:30 बजे के बाद राजस्थान से आए सोनू जोशी एवं उनकी 26 सदस्यीय म्यूजिक पार्टी ने होली धमाल, अग्नि नृत्य, शेखावाटी एवं हरियाणवी गीत, कृष्ण-राधा लीला और फूलों की होली की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। कोलकाता से आई नृत्यांगना मोली मुखर्जी और उनकी टीम ने भी अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
उत्सव में आए अतिथियों और परिवारों ने राजस्थानी व्यंजनों, विविध चाट और हाई-टी का आनंद लिया, वहीं रात्रि भोज में परोसे गए विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों ने आयोजन को और यादगार बना दिया।
इस अवसर पर महाराजा अग्रसेन चैरिटेबल ट्रस्ट के संयोजक अजय पोद्दार, सह-संयोजक मदन गर्ग, अध्यक्ष मनोज जालान, सचिव सुनील अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विनोद गोयंका सहित अनेक ट्रस्टी एवं समाज के गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी संस्थाओं के सदस्यों, ट्रस्टियों, अतिथियों और समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया। अंत में सचिव सुनील अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
यह जानकारी कार्यक्रम संयोजक अजय पोद्दार द्वारा दी गई।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">