alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

लायंस क्लब ऑफ गौहाटी ने एलओजी हिंदी हाई स्कूल में आधुनिक साइंस लैब का किया उद्घाटन

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 6 मार्च। छात्रों को वैज्ञानिक शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए लायंस क्लब ऑफ गौहाटी की ओर से लालचंद ओंकारमल गोयनका (एलओजी) हिंदी हाई स्कूल में आधुनिक साइंस लैबोरेट्री का उद्घाटन किया गया। विद्यालय परिसर में स्थापित इस प्रयोगशाला से विद्यार्थियों को विज्ञान विषय की पढ़ाई को प्रयोगात्मक रूप से समझने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

क्लब के जनसंपर्क अधिकारी संजय संथोलिया ने बताया कि क्लब अध्यक्ष राजेश हंसारिया के नेतृत्व में तथा कार्यक्रम संयोजक रतन गोयनका की देखरेख में विद्यालय में यह सुसज्जित साइंस लैब तैयार की गई है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और उन्हें आधुनिक शिक्षा संसाधनों से जोड़ना है।

साइंस लैबोरेट्री का उद्घाटन विद्यालय के पूर्व छात्र तथा स्वागत हॉस्पीटल्स के प्रबंध निदेशक डॉ. सुभाष खन्ना ने किया। इस अवसर पर इंस्पेक्टर ऑफ स्कूल्स दीपिका चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विद्यालय विकास समिति के अध्यक्ष सुभाष क्याल, उपाध्यक्ष पंकज जालान, हेडमास्टर विद्यानाथ झा, पूप्रमास के प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा, पार्षद प्रमोद स्वामी तथा लायंस क्लब के पूर्व जिलापाल डीपी बजाज सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।

इसके अतिरिक्त सीमा गोयनका, एल.एन. अग्रवाल, जिलापाल (द्वितीय) राजेश अग्रवाल, लायंस आई हॉस्पिटल के चेयरमैन प्रकाश सीकरिया, नवल मोर, बिजय हरलालका, भरत चौधरी, मुकेश बेताला, नरेंद्र मिंडा, महेश शर्मा, महेश झुरिया, अशोक गंगवाल, लायंस उमंग की अध्यक्ष बिमला कोचर तथा कोषाध्यक्ष रेनु अग्रवाल सहित लायंस क्लब गौहाटी के अनेक सदस्य कार्यक्रम में मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत क्लब अध्यक्ष राजेश हंसारिया के स्वागत संबोधन से हुई। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि डॉ. सुभाष खन्ना ने लायंस क्लब गौहाटी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आधुनिक संसाधनों की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं इसी विद्यालय से शिक्षा प्राप्त की है और अपने जीवन की उपलब्धियों में विद्यालय के शिक्षकों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।

डॉ. खन्ना ने विश्वास व्यक्त किया कि नई साइंस लैब से विद्यार्थियों को विज्ञान विषय की गहन समझ प्राप्त होगी और आने वाले समय में विद्यालय के छात्र-छात्राएं उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन करेंगे। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया।

क्लब के कोषाध्यक्ष आनंद सराफ ने बताया कि इस आयोजन को सफल बनाने में क्लब के सभी सदस्यों का सक्रिय सहयोग रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए लायंस क्लब गौहाटी की ओर से उपहार भी प्रदान किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *