alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

21 मार्च को लाचित घाट पर होगा भव्य गणगौर विसर्जन मेला, नई समिति का गठन

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 6 मार्च। श्री गणगौर तीज महोत्सव समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी गणगौर विसर्जन मेले की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक की शुरुआत अध्यक्ष विशाल भातरा ने गत वर्ष आयोजित गणगौर मेले के सफल और रिकॉर्डतोड़ आयोजन के लिए सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए की।

समिति की परंपरा के अनुसार इस वर्ष आयोजित होने वाले गणगौर विसर्जन मेले के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें संजय मोर (पप्पू) को अध्यक्ष, मनमोहन सिकरिया को सचिव, आदर्श शर्मा (बाबली) को कोषाध्यक्ष तथा विवेक सांगानेरिया को कार्यक्रम संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई।

निर्मल शर्मा (कालू) ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 21 मार्च को एम.जी. रोड स्थित लाचित घाट पर गणगौर विसर्जन मेला भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम संयोजक विवेक सांगानेरिया ने बताया कि इस वर्ष गणगौर विसर्जन मेले के दौरान नवविवाहिताओं और युवतियों के साथ-साथ बालिकाओं एवं वरिष्ठ महिलाओं के लिए भी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें विभिन्न सामाजिक संगठनों की भागीदारी रहेगी।

सचिव मनमोहन सिकरिया ने बताया कि आयोजन स्थल पर पारंपरिक गणगौर गीतों के साथ राजस्थानी लोकगीत और लोकनृत्य की प्रस्तुतियाँ भी आयोजित की जाएंगी, जिससे कार्यक्रम का सांस्कृतिक स्वरूप और भी समृद्ध होगा।

कोषाध्यक्ष आदर्श शर्मा ने बताया कि ब्रह्मपुत्र नदी में गणगौर विसर्जन के लिए समिति की ओर से सम्मानपूर्वक और सुव्यवस्थित व्यवस्था की जाएगी।

समिति के अध्यक्ष संजय मोर ने कहा कि आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सभी सदस्य सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *