alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी प्राइड की सामान्य बैठक सम्पन्न, सेवा परियोजनाओं की रूपरेखा तय, मनाया गया महिला दिवस

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी। सामाजिक सेवा और जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाते हुए लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी प्राइड की एक महत्वपूर्ण सामान्य बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्लब के संस्थापक अध्यक्ष अनुप कुमार जाजोदिया ने की। बैठक में क्लब के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न सेवा परियोजनाओं, सामाजिक कार्यक्रमों तथा आगामी गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि उलुबाड़ी एल.पी. स्कूल में विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक वॉटर फिल्टर स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही वहां एक निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन भी किया जाएगा। इस सेवा परियोजना को उत्तम कुमार अग्रवाल और सोनिया अग्रवाल द्वारा प्रायोजित किया जाएगा।

इसके अलावा मिर्जा क्षेत्र में भी एक निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया, जिसके संयोजक उत्तम कुमार अग्रवाल होंगे। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और उन्हें लाभान्वित करना है।

बैठक में यह भी तय किया गया कि क्लब द्वारा आगामी अप्रैल माह में अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण सप्ताह अन्य लायंस क्लबों के साथ मिलकर उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सदस्यों ने यह भी निर्णय लिया कि वे अप्रैल माह में गुवाहाटी में आयोजित होने वाली लायंस डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में पूरे उत्साह और सक्रियता के साथ भाग लेंगे।

इस अवसर पर अनुप कुमार जाजोदिया ने सुनिधि अग्रवाल और शिल्पा नाहटा को सांस्कृतिक कार्यक्रम “प्राइड संग होली 2026” के सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

क्लब द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस भी उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम में वंदना बागड़िया, नीरू काबरा और कंचन केजरीवाल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए तथा क्लब की वुमन एम्पावरमेंट चेयरपर्सन सोनिया अग्रवाल के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान क्लब की सभी महिला सदस्यों और विशिष्ट अतिथियों को सम्मानित भी किया गया।

प्रेस विज्ञप्ति में चित्रा भार्तिया ने बताया कि बैठक के बाद क्लब के सदस्यों ने वर्ल्ड कप फाइनल मैच का सामूहिक रूप से आनंद लिया और इसके बाद आयोजित फेलोशिप डिनर में सौहार्दपूर्ण वातावरण में समय व्यतीत किया।

अंत में अध्यक्ष अनुप कुमार जाजोदिया ने सभी सदस्यों और अतिथियों का कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *