प्रधानमंत्री टीएमसी पर बरसे: कोलकाता के ब्रिगेड मैदान रैली में भरी हुंकार, कहा- बंगाल से महाजंगलराज खत्म होगा
थर्ड आई न्यूज
कोलकाता I प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा है। इस दौरान उन्होंने कहा कि आपका ये उत्साह, जोश बता रहा है कि बंगाल क्या सोच रहा है, बंगाल के मन में क्या चल रहा है। ब्रिगेड परेड ग्राउंड का इतिहास साक्षी है कि जब-जब बंगाल देश को दिशा देता है, ये ब्रिगेड मैदान बंगाल की आवाज बनता है। इस मैदान से अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उठी आवाज हिंदुस्तान में क्रांति बन गई थी। उसका नतीजा ये हुआ कि अंग्रेजों के अत्याचार और लूट का खात्मा हुआ। आज एक बार फिर ब्रिगेड ग्राउंड से नए बंगाल की क्रांति का बिगुल बज गया है।
‘चाई बीजेपी सरकार, अबकी बार” :
प्रधानमंत्री ने इस दौरान कहा कि बंगाल में बदलाव अब दीवारों पर भी लिखा जा चुका है और बंगाल के लोगों के दिलों में भी छप चुका है। अब बंगाल से निर्मम सरकार का अंत होकर रहेगा, अब बंगाल से महाजंगलराज का खात्मा होगा। इसलिए बंगाल के हर कोने से आवाज उठ रही है – चाई बीजेपी सरकार, अबकी बार!
निर्मम सरकार बौखला गई है- पीएम मोदी
सत्ताधारी दल पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा- कल टीएम ने इस रैली में आने वाले आप सभी लोगों को चोर कहकर गाली दी है। असली चोर कौन है, ये बंगाल की प्रबुद्ध जनता जानती है। अपनी कुर्सी जाते हुए देखकर यहां की निर्मम सरकार बौखला गई है। आज भी इस सभा को रोकने के लिए निर्मम सरकार ने सारे हथियार निकाल लिए। आप लोगों को आने से रोकने के लिए ब्रिज बंद करवा दिए, गाड़ियां रुकवा दी, ट्रैफिक जाम करवाया, भाजपा के झंडे उखड़वा दिए, पोस्टर फड़वा दिए। लेकिन निर्मम सरकार साफ-साफ देख लो, आज के जनसैलाब को रोक नहीं पाई हो।
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि यहां की निर्मम सरकार चाहे अब जितना जोर लगा ले, परिवर्तन की इस आंधी को वो अब रोक नहीं पाएगी। भाजपा और एनडीए के साथ महिषासुर मर्दिनी का आशीर्वाद है। श्री रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, ऋषि बंकिमचंद्र, गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर, ईश्वरचन्द्र विद्यासागर, खुदीराम बोस, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसी सभी महान विभूतियों ने जिस बंगाल की कल्पना की थी। भाजपा की सरकार उस बंगाल का निर्माण करेगी, नवनिर्माण करेगी।
‘कटमनी मिलने से टीएमसी सरकार रोक देती है सरकारी योजनाएं’ :
उन्होंने कहा, एक समय बंगाल पूरे भारत को गति देता था, बंगाल व्यापार और उद्योगों में सबसे आगे था। लेकिन आज यहां का युवा न डिग्री ले पा रहा है और न ही उसे रोजगार मिल पा रहा है। आपके बेटे-बेटियों को काम की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ता है। पहले कांग्रेस, फिर कम्युनिस्ट और अब टीएमसी… ये लोग एक के बाद एक आते रहे… अपनी जेबें भरते रहे… और बंगाल में विकास के काम ठप्प पड़े रहे। टीएमसी सरकार का एक ही एजेंडा है। ये टीएमसी वाले न खुद काम करेंगे, न करने देंगे। जब तक इनको अपना कटमनी नहीं मिल जाता, ये किसी भी योजना को गांव, गरीब तक नहीं पहुंचने देते। इसलिए टीएमसी सरकार केंद्र की योजनाओं को रोककर रखती है।’
‘बंगाल के परिवारों को तमाम योजना से भी टीएमसी ने वंचित रखा’ :
पीएम मोदी ने आगे बताया कि देशवासियों को मुफ्त बिजली देने के लिए हमने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना शुरू की है। केंद्र की भाजपा सरकार इसके लिए हर लाभार्थी को 75 से 80 हजार रुपये देती है। जो लाभार्थी इस योजना से जुड़ता है, उसके घर का बिजली बिल जीरो हो जाता है। लेकिन, बंगाल सरकार इसे भी लागू नहीं होने दे रही। ये टीएमसी सरकार अपनी स्वार्थी राजनीति की वजह से यहां आयुष्मान भारत योजना को भी लागू नहीं कर रही है। देश भर के करोड़ों लोग इस योजना के तहत 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज का लाभ उठा रहे हैं। ये लाभ आप सबको भी मिलना चाहिए। लेकिन बंगाल के परिवारों को इस योजना के अधिकार से भी टीएमसी सरकार ने वंचित रखा है।
‘बंगाल के किसान की हालत भी किसी से छिपी नहीं’ :
पीएम ने कहा- आज बंगाल के किसान की हालत भी किसी से छिपी नहीं है। किसानों से झूठे वायदे और सरकारी खरीद में घोटाला ही टीएमसी की पहचान बन गया है। टीएमसी के कट, कमीशन और करप्शन के कारण, राजनीति के लिए…किसानों की जिंदगी से, गरीबों और मध्यम वर्ग की जिंदगी से खिलवाड़ किया जा रहा है। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा- टीएमसी जाएगी, गरीबों का पक्का घर बनना शुरू हो जाएगा। टीएमसी जाएगी, तो हर घर साफ जल पहुंचेगा। टीएमसी जाएगी, तो हर गरीब को मुफ्त इलाज मिलेगा। टीएमसी जाएगी, तो कारीगरों को नए अवसर मिलेंगे। टीएमसी जाएगी, तभी बंगाल में सुशासन आएगा।
‘पूर्वी भारत के विकास का लिखा जा रहा नया अध्याय’ :
प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान कहा, ‘आज कोलकाता की धरती से पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। सड़क, रेलवे और पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, इनसे जुड़ी 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। ये परियोजनाएं पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत को नई रफ्तार देंगे। इनसे व्यापार और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा, लाखों लोगों का जीवन आसान होगा।’
‘रेलवे को आधुनिक बनाने का अभियान जारी’ :
प्रधानमंत्री मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘आज देश में रेलवे को आधुनिक बनाने का तेज अभियान चल रहा है। हमारा यह संकल्प है कि पश्चिम बंगाल इस अभियान में पीछे न रहे इसलिए केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल के रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर का तेज विस्तार करने का प्रयास कर रही है… आज 6 स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन के रूप में पुनर्विकास भी हुआ है।’ बता दें कि, पीएम मोदी ने आज पुरुलिया-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई व अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पश्चिम बंगाल के छह पुनर्निर्मित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन भी किया।
पीएम मोदी ने कोलकाता को दी करोड़ों की सौगात :
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कोलकाता में भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा में स्वागत किया गया। जहां उन्होंने लगभग 18,680 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
‘दशकों तक पूर्वी भारत के इस सामर्थ्य की बड़ी उपेक्षा हुई’ :
पीएम मोदी ने इस दौरान कहा- सड़क और रेल कनेक्टिविटी जितनी महत्वपूर्ण है, उतनी ही अहम भूमिका पोर्ट और वॉटर ट्रांसपोर्ट भी निभाते हैं। दशकों तक पूर्वी भारत के इस सामर्थ्य की बड़ी उपेक्षा हुई है। लेकिन आज वॉटर वेज, व्यापार और औद्योगिक प्रगति के नए दरवाजे खोल रहे हैं। इसी दिशा में आज पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी अहम परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है।
‘हमारा संकल्प है कि बंगाल अपना गौरव हासिल करे’ :
उन्होंने आगे कहा कोलकाता और हल्दिया जैसे बंदरगाह लंबे समय से पूर्वी भारत में व्यापार के प्रमुख केंद्र रहे हैं। हल्दिया डॉक कॉम्प्लेक्स का मशीनीकरण हो रहा है। इससे कार्गो ऑपरेशन और तेज होगा, बंदरगाह की क्षमता बढ़ेगी और व्यापार के लिए नई सुविधा मिलेगी। हमारा संकल्प है कि बंगाल ने हमेशा जिस तरह भारत को दिशा दिखाई है, बंगाल एक बार फिर विकसित बंगाल बनकर उस गौरव को हासिल करे। मुझे पूरा विश्वास है कि मजबूत कनेक्टिविटी और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित बंगाल की बुनियाद बनेंगे।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">