alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर लखीमपुर उपायुक्त की प्रेस वार्ता, निष्पक्ष चुनाव के लिए मीडिया से सहयोग की अपील

थर्ड आई न्यूज

लखीमपुर से बाबू देव पांडे

असम में आगामी विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर लखीमपुर जिला प्रशासन ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिले के नवनियुक्त उपायुक्त आदित्य विक्रम यादव ने सोमवार को जिला उपायुक्त कार्यालय के सभागार में एक प्रेस वार्ता आयोजित कर चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मीडिया से सहयोग की अपील की।

उपायुक्त आदित्य विक्रम यादव ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने पत्रकारों से अनुरोध किया कि वे चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने में प्रशासन का मार्गदर्शन और सहयोग करें।

उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। साथ ही चुनाव के दौरान अवैध धन के आवागमन को रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त ने पत्रकारों से यह भी आग्रह किया कि यदि कहीं भी चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन दिखाई दे, तो उसकी जानकारी टोल-फ्री नंबर के साथ-साथ सीधे उनके निजी मोबाइल नंबर पर भी दी जा सकती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा प्राप्त सूचना के आधार पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

प्रेस वार्ता के दौरान लखीमपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष कुमुद बरूआ, पत्रकार रंजीत काकोटी, राजेश राठी और राजू सिन्हा सहित अन्य पत्रकारों ने जिले के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों और समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया। इस पर उपायुक्त ने भरोसा दिलाया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन सभी विषयों पर विस्तृत चर्चा कर उचित कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *