विधानसभा चुनाव 2026: होजाई जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार, जिला आयुक्त देवा प्रसाद मिश्र ने दी जानकारी
थर्ड आई न्यूज
होजाई से रमेश मुंदड़ा
आगामी असम विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर होजाई जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। यह जानकारी नव नियुक्त जिला आयुक्त देवा प्रसाद मिश्र ने रविवार शाम श्रीमंत शंकरदेव नगर स्थित जिला मुख्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता के दौरान दी।
जिला आयुक्त ने बताया कि जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों—62 बिन्नाकांदी, 63 होजाई और 64 लामडिंग—में मतदान राज्य के अन्य जिलों के साथ 9 अप्रैल को संपन्न होगा। उन्होंने चुनाव कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि गजट अधिसूचना 16 मार्च को जारी होगी, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 23 मार्च है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 24 मार्च को की जाएगी। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 26 मार्च निर्धारित की गई है। मतगणना 4 मई को होगी और पूरी चुनाव प्रक्रिया 6 मई तक संपन्न कर ली जाएगी। उन्होंने बताया कि आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नामांकन केवल जिला आयुक्त कार्यालय में कार्यदिवसों के दौरान सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। इसके लिए अलग-अलग कक्ष निर्धारित किए गए हैं। बिन्नाकांदी विधानसभा क्षेत्र के लिए कक्ष संख्या 7 में रिटर्निंग ऑफिसर बानी इनाम शादाब (एसीएस, एडीसी होजाई), होजाई विधानसभा क्षेत्र के लिए कक्ष संख्या 12 में प्रीतम राजा शर्मा (एसीएस, एडीसी होजाई) तथा लामडिंग विधानसभा क्षेत्र के लिए कक्ष संख्या 17 में चंदन बरगोहाईं (एसीएस, सीडीसी लामडिंग) नामांकन स्वीकार करेंगे।
जिला आयुक्त ने बताया कि जिले में तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए कुल 984 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें बिन्नाकांदी में 345, होजाई में 316 और लामडिंग में 323 मतदान केंद्र शामिल हैं। ईवीएम प्रबंधन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। इसके अंतर्गत 1360 बैलेट यूनिट, 1570 कंट्रोल यूनिट और 1479 वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) के बाद उन्हें उपयोग के लिए तैयार कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण भी छह स्थानों पर पूरा किया जा चुका है। इनमें नीलबागन मॉडल एचएस स्कूल और हाजी अनफार अली कॉलेज (15 मार्च), देशबंधु विद्यापीठ गर्ल्स हाई स्कूल और होजाई गर्ल्स कॉलेज (14 मार्च) तथा लामडिंग कॉलेज और लंका महाविद्यालय (16 मार्च) शामिल हैं।
मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं। स्वीप कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। सरकारी कर्मचारियों, दिव्यांग मतदाताओं तथा 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान की व्यवस्था की गई है। मतदान केंद्रों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं (एएमएफ) का सत्यापन कर लिया गया है और जहां भी कमियाँ थीं उन्हें दूर कर दिया गया है।
जिला आयुक्त देवा प्रसाद मिश्र ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने मताधिकार का उपयोग करें।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">