alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

नगांव में भाजपा उम्मीदवारों का शक्ति प्रदर्शन: रूपक शर्मा, जितु गोस्वामी और शशिकांत दास ने भरा नामांकन

थर्ड आई न्यूज

नगांव से जयप्रकाश सिंह

आगामी असम विधानसभा चुनाव को लेकर नगांव जिले में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में भाजपा के तीन उम्मीदवार—रूपक शर्मा , जीतू गोस्वामी और शशिकांत दास ने गुरुवार को जिला रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

तीनों उम्मीदवारों ने भारी जनसमर्थन के साथ विशाल रैलियां निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। शहर में जगह-जगह समर्थकों ने नारेबाजी की और पूरा माहौल उत्सवमय हो गया।

नगांव-बटद्रवा विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीसरी बार भाजपा उम्मीदवार बने रूपक शर्मा ने नामांकन से पूर्व बट्रदवा थान में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे अपने निवास से हजारों समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ रैली निकालते हुए नामांकन दाखिल करने पहुंचे। बताया गया कि इस दौरान करीब 25 हजार से अधिक लोग मौजूद रहे।

नामांकन के बाद रूपक शर्मा ने कहा कि नगांव की जनता का आशीर्वाद उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा है और वे क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार असम में भाजपा के नेतृत्व में फिर सरकार बनेगी।

वहीं, बढ़मपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार जितु गोस्वामी ने भी बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया। उन्होंने कहा कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद लोगों का भारी समर्थन मिलना उनके लिए उत्साहवर्धक है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा तथा पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।

अपने प्रतिद्वंद्वी राजेन गोहाईं के बारे में उन्होंने कहा कि वे उनके राजनीतिक गुरु रहे हैं और लोकतांत्रिक मूल्यों के तहत यह मुकाबला सिद्धांतों की लड़ाई है, जिसमें भाजपा विजयी होगी।

इसी तरह रहा (अनुसूचित जाति) विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार शशिकांत दास ने भी ढोल-नगाड़ों और समर्थकों के बड़े जुलूस के साथ नामांकन दाखिल किया। इसके बाद वे असोम गण परिषद (एजीपी) के जिला कार्यालय पहुंचे, जहां पार्टी पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

शशिकांत दास ने कहा कि भाजपा-एजीपी और सहयोगी दल मिलकर एकजुटता के साथ चुनाव लड़ेंगे और कांग्रेस को पराजित करेंगे।

नगांव में तीनों भाजपा उम्मीदवारों के नामांकन के दौरान पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *