असम में चुनाव से पहले हिंसा: उग्रवादी समूह ULFA के हमले में चार पुलिसकर्मी घायल, सुरक्षा बलों ने जांच शुरू की
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी I असम के तिनसुकिया जिले में रविवार तड़के पुलिस पर हमला हुआ, जिसमें कम से कम चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। यह घटना जागुन इलाके में तड़के करीब 2 बजे हुई। असम पुलिस के अनुसार, इस हमले के पीछे उग्रवादी संगठन ULFA-I का हाथ होने का शक है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जानकारी में चार जवानों के घायल होने की पुष्टि हुई है।
घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हमले के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और हमलावरों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और अधिक जानकारी का इंतजार है।
सीएम शर्मा ने घटना को बताया निंदनीय :
इस घटना पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इसे अत्यंत निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि सेना और पुलिस ने मिलकर उपद्रवियों के खिलाफ सशस्त्र कार्रवाई शुरू कर दी है।सीएम शर्मा ने आश्वस्त करते हुए कहा कि जिन लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया है, उन्हें निश्चित रूप से गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सुरक्षा बल सतर्क- सीएम
अपने बयान में सीएम ने यह भी कहा कि राज्य सरकार और सुरक्षा बल पूरी तरह से स्थिति को नियंत्रित करने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सतर्क हैं। हादसे की जांच और छानबीन जारी है, और अधिकारियों ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">