alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

नगांव कांग्रेस भवन में पहली बार पहुंचे राजेन गोहाईं, भाजपा पर साधा निशाना

नगांव से जयप्रकाश सिंह

नगांव लोकसभा क्षेत्र से चार बार सांसद रह चुके तथा पूर्व रेल राज्य मंत्री राजेन गोहाईं ने आज पहली बार नगांव जिला कांग्रेस भवन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सहयोग का आह्वान किया।

बढ़मपुर विधानसभा क्षेत्र से असम जातीय परिषद के उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरे राजेन गोहाईं ने पत्रकारों से बातचीत में भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा असमिया समाज को कमजोर कर रही है और राज्य की संपत्तियों के संरक्षण में विफल रही है।

उन्होंने कहा, “जिन कार्यकर्ताओं ने कभी असम में भाजपा को खड़ा किया था, आज उनका कोई अस्तित्व नहीं रह गया है। हमने भाजपा को इसलिए समर्थन दिया था ताकि असमिया जाति की सुरक्षा हो सके, लेकिन आज वही पार्टी समाज को कमजोर करने में लगी है।”

भाषा और पहचान के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि असमिया भाषा को एपीएससी जैसी परीक्षाओं से हटाया जाना चिंताजनक है। साथ ही, परिसीमन (डिलिमिटेशन) के कारण विभिन्न समुदायों के बीच विभाजन बढ़ा है, जिससे उनकी पहचान और भूमिका प्रभावित हुई है।

महंगाई और आर्थिक बोझ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आम जनता पर टैक्स और खर्चों का दबाव बढ़ गया है। उन्होंने गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले जहां इसकी कीमत लगभग 400 रुपये थी, वहीं अब यह करीब 1000 रुपये तक पहुंच गई है।

इससे पूर्व कांग्रेस भवन पहुंचने पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष रुनुमाई बोरा ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “राजेन गोहाईं जिंदाबाद”, “कांग्रेस जिंदाबाद” और “असम जातीय परिषद जिंदाबाद” के नारे लगाए।

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस के कई पदाधिकारी, असम जातीय परिषद के जिला अध्यक्ष अनुप लस्कर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *