alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

होजाई-लामडिंग में मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की चुनावी हुंकार, विकास के लिए भाजपा को समर्थन की अपील

थर्ड आई न्यूज

होजाई से रमेश मुंदड़ा

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने होजाई जिले के होजाई और लामडिंग विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में जोरदार चुनाव प्रचार किया। उन्होंने लामडिंग के लंका और होजाई के राजागांव में आयोजित विशाल जनसभाओं को संबोधित करते हुए विकास के मुद्दों पर भाजपा को समर्थन देने की अपील की।

लामडिंग विधानसभा क्षेत्र के लंका खेल संघ मैदान में आयोजित सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि असम के साथ-साथ होजाई और लामडिंग का समग्र विकास सुनिश्चित करना है, तो भाजपा उम्मीदवार शिबू मिश्रा को भारी मतों से विजयी बनाना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों को राहत पहुंचाई है, जिनमें महिलाओं के लिए अरुणोदय योजना, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और आवश्यक वस्तुओं की सुलभ उपलब्धता शामिल है।

मुख्यमंत्री ने लंका कॉलेज में विज्ञान संकाय की स्थापना, लंका और काकी में स्टेडियम निर्माण तथा सांस्कृतिक विकास के लिए अत्याधुनिक सभागार (एसी ऑडिटोरियम) बनाने का वादा भी किया।

इसके बाद होजाई विधानसभा क्षेत्र के राजागांव में आयोजित सभा में उन्होंने भाजपा उम्मीदवार शिलादित्य देव के पक्ष में समर्थन मांगा। उन्होंने शिलादित्य देव की कार्यक्षमता की सराहना करते हुए कहा कि राजागांव से होजाई तक सड़कों का निर्माण, उच्च माध्यमिक विद्यालय और कॉलेज की स्थापना जैसे विकास कार्य प्राथमिकता में रहेंगे, जिससे क्षेत्र के सभी वर्गों के लोगों को लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि विकास की योजनाएं समाज के हर वर्ग के लिए हैं और इनसे सभी समुदायों को समान रूप से लाभ मिलेगा।

उन्होंने लोगों से नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित सभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया जाना चाहिए।

सभा में होजाई जिला भाजपा अध्यक्ष दिलीप धर, सांसद कामाख्या प्रसाद तासा सहित कई भाजपा नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

इन सभाओं के साथ ही होजाई जिले में चुनावी माहौल और अधिक गर्म हो गया है तथा सभी दलों ने अपने प्रचार अभियान को तेज कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *