alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

गुवाहाटी में ‘अर्थ आवर’ का भव्य आयोजन: रोशनी बुझी, जागी पर्यावरण चेतना, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ असम व पायल चड्ढा फाउंडेशन की संयुक्त पहल

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 30 मार्च। 20वें ‘अर्थ आवर’ के अवसर पर गुवाहाटी महानगर में पर्यावरण जागरूकता का एक अनूठा और भव्य दृश्य देखने को मिला। उजान बाजार स्थित सती राधिका शांति उद्यान में डब्ल्यूडब्ल्यूएफ असम के राज्य कार्यालय ने पायल चड्ढा फाउंडेशन के सहयोग से शाम 6:30 बजे से रात 9:30 बजे तक एक सशक्त कार्यक्रम का आयोजन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत एक प्रतीकात्मक कैंडल मार्च से हुई, जिसमें प्रतिभागियों, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ अधिकारियों, पायल चड्ढा फाउंडेशन की टीम तथा असम के एंबेसडरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ‘जेनेसिस इवेंट ऑर्गनाइज़र’ और ‘नंदिनी एनर्जी’ के सहयोग तथा ‘रेडियो गप-शप’, ‘ऑल इंडिया रेडियो गुवाहाटी’, ‘रेडियो मिर्ची’ और ‘डीवाई 365’ जैसे आउटरीच पार्टनरों के समर्थन से यह आयोजन व्यापक जनभागीदारी का साक्षी बना।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत प्रागज्योतिष कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक बिहू नृत्य से हुई, जिसने उत्सव में स्थानीय संस्कृति और प्रकृति के साथ जुड़ाव का जीवंत संदेश दिया। इसके पश्चात डब्ल्यूडब्ल्यूएफ इंडिया के असम एवं अरुणाचल प्रदेश राज्य कार्यालय की निदेशक अर्चिता बरुआ भट्टाचार्य तथा पायल चड्ढा ने ‘अर्थ आवर 2026’ के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।

गुवाहाटी विश्वविद्यालय, पीआईएमसी एस. बी. देवड़ा कॉलेज, गुवाहाटी कॉमर्स कॉलेज और ‘निर्बाक’ सहित विभिन्न संस्थानों से जुड़े स्वयंसेवकों ने गीत, नृत्य और मूक अभिनय के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किया।

रात 8:30 बजे कार्यक्रम अपने चरम पर पहुंचा, जब सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से ‘प्रतीकात्मक बिजली बंद’ कर ‘अर्थ आवर’ का संदेश जीवंत किया। इस दौरान मोमबत्तियों के साथ-साथ ‘नंदिनी एनर्जी’ द्वारा प्रायोजित सौर लाइटों की रोशनी ने वातावरण को एक विशेष और प्रेरणादायक स्वरूप प्रदान किया।

कार्यक्रम में ‘अर्थ आवर’ के सद्भावना दूत जॉय बरुआ और विरासत दूत अर्घदीप बरुआ की गरिमामयी उपस्थिति रही। जॉय बरुआ ने अपने लोकप्रिय गीत ‘फ्रीबर्ड’ की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समापन एक मधुर संगीत संध्या के साथ हुआ, जिसमें सौर प्रकाश के बीच सितार, गिटार और ड्रम की धुनों ने शाम को यादगार बना दिया।

इस अवसर पर ‘रेडियो गप-शप’ के आरजे मैंडी और गुवाहाटी विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग की प्रो. मधुश्री दास भी उपस्थित रहीं।

पायल चड्ढा फाउंडेशन की संस्थापक पायल चड्ढा ने आयोजन की सफलता के लिए सभी प्रतिभागियों, सहयोगियों और उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि यह फाउंडेशन पिछले चार वर्षों से बी. बरूआ कैंसर संस्थान में नि:शुल्क जल सेवा तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को शिक्षा एवं कौशल विकास प्रदान करने के साथ-साथ अब पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *