असम विधानसभा चुनाव 2026 के दौरान होजाई में ‘ड्राई डे’ घोषित, 7 से 9 अप्रैल तक शराब बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध
थर्ड आई न्यूज
होजाई से रमेश मुंदड़ा
असम विधानसभा चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से होजाई जिला प्रशासन ने ‘ड्राई डे’ घोषित किया है। इस संबंध में जिला आयुक्त देव प्रसाद मिश्र ने आदेश जारी किया है।
जारी निर्देश के अनुसार 7 अप्रैल सुबह 5 बजे से 9 अप्रैल सुबह 5 बजे तक पूरे होजाई जिले में शराब की बिक्री, वितरण और उपभोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा 4 मई 2026 को मतगणना के दिन भी मतगणना प्रक्रिया समाप्त होने तक ‘ड्राई डे’ लागू रहेगा।
इस अवधि के दौरान जिले के सभी थोक शराब गोदाम, आईएमएफएल की ‘ऑन’ और ‘ऑफ’ दुकानें, बार, होटल, क्लब तथा देशी शराब की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। साथ ही बिना अनुमति किसी भी स्थान पर शराब का भंडारण करना भी प्रतिबंधित किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 135(सी) तथा असम आबकारी कानून के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों और व्यापारियों से इस आदेश का पालन करने और चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण बनाने में सहयोग करने की अपील की है।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">