alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

भक्ति, उल्लास और सेवा का संगम — श्री मारुति मंडल दिसपुर का 32वां वार्षिकोत्सव भव्यता से सम्पन्न

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी, 3 अप्रैल। दिसपुर स्थित कल्याण भवन में श्री मारुति मंडल दिसपुर द्वारा 32वां वार्षिकोत्सव एवं हनुमान जन्मोत्सव गुरुवार को अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। पूरे दिन चले इस आयोजन में धार्मिक अनुष्ठानों, भजन-कीर्तन और भंडारे के माध्यम से भक्तिमय वातावरण बना रहा।

इस अवसर पर बालाजी महाराज का भव्य दरबार सजाया गया, जिसे रंग-बिरंगे फूलों से अलौकिक रूप दिया गया। दरबार के दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे परिसर में आस्था का अनुपम दृश्य देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे मुख्य यजमान सुभाष गुप्ता एवं सज्जन भजनका ने सपत्नीक विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं ज्योत प्रज्ज्वलन के साथ किया। इसके पश्चात महाआरती संपन्न हुई तथा सवामणी और छप्पन भोग अर्पित किया गया।

हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर अमृत भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भक्तों की सेवा और व्यवस्था में मंडल के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

दोपहर 1 बजे से भजन-कीर्तन का शुभारंभ हुआ, जो देर रात तक निरंतर चलता रहा। इस दौरान आमंत्रित कलाकारों ने अपने सुमधुर भजनों से भक्तों को भावविभोर कर दिया। प्रयागराज से आए निखिल पंडित एवं हरिश्चंद्र, तथा बनारस से राघवेंद्र ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। स्थानीय कलाकारों में सुभाष पारीक सहित मंडल के सदस्यों ने भी भावपूर्ण भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया।

मंडल के अध्यक्ष सज्जन भजनका ने इस सफल आयोजन के लिए सभी दानदाताओं एवं मंडल के सदस्यों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और समर्पण से ही यह हनुमान जन्मोत्सव भव्य और सफल रूप से संपन्न हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *