टियोक में भाजपा का कार्यकर्ता सम्मेलन, दिलीप सैकिया ने जताया जीत का भरोसा
थर्ड आई न्यूज़
जोरहाट से नीरज खंडेलवाल
असम विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच जोरहाट जिले के दहोटिया क्षेत्र में आयोजित भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने पार्टी की मजबूती और जनसमर्थन को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भाजपा राज्य की सबसे सक्रिय, संगठित और जनस्वीकृत राजनीतिक पार्टी के रूप में उभरी है।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सैकिया ने टियोक विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की स्थिति को मजबूत बताते हुए कहा कि विकास कार्यों के आधार पर पार्टी उम्मीदवार विकाश सैकिया की जीत लगभग सुनिश्चित दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भाजपा के पक्ष में स्पष्ट जनसमर्थन और सकारात्मक माहौल बन चुका है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं तथा अधिक से अधिक मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में समर्थन देने के लिए प्रेरित करें।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति और उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। यह आयोजन टियोक क्षेत्र में भाजपा के चुनावी अभियान को और अधिक गति देने वाला साबित हुआ।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">