गुवाहाटी में भाजपा प्रोफेशनल्स सेल का भव्य संवाद कार्यक्रम, 300 से अधिक पेशेवरों ने लिया हिस्सा
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी, 5 अप्रैल 2026: भारतीय जनता पार्टी असम के प्रोफेशनल्स सेल द्वारा राज्य संयोजक गौरव सोमानी के नेतृत्व में प्रदेश मुख्यालय में एक भव्य संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े 300 से अधिक पेशेवरों ने भाग लेकर वरिष्ठ नेताओं के साथ संवाद स्थापित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में तेजस्वी सूर्या, बांसुरी स्वराज तथा बिजुली कलिता मेधी उपस्थित रहे। इसके अलावा असम पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष दिलीप दास और प्रोफेशनल्स सेल के राज्य संयोजक गौरव सोमानी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत विभिन्न क्षेत्रों—चार्टर्ड अकाउंटेंट, कंपनी सेक्रेटरी, डॉक्टर, इंजीनियर, महिला उद्यमी, शिक्षाविद एवं हेल्थकेयर विशेषज्ञ—से जुड़े पेशेवरों के आपसी संवाद से हुई। इसके बाद अतिथियों का सम्मान किया गया।

अपने संबोधन में तेजस्वी सूर्या ने युवाओं और पेशेवरों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। बांसुरी स्वराज ने मूल्य आधारित नेतृत्व और सुशासन में पेशेवरों के योगदान पर बल दिया, जबकि बिजुली कलिता मेधी ने असम के तेजी से हो रहे विकास का उल्लेख करते हुए इसमें पेशेवरों की भागीदारी को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम के दौरान एक संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने विचार, सुझाव और अनुभव साझा किए तथा शासन और जनसंपर्क को सशक्त बनाने के उपायों पर चर्चा की।
स्वागत भाषण में गौरव सोमानी ने कहा कि प्रोफेशनल्स सेल का उद्देश्य पेशेवरों के लिए एक सशक्त मंच तैयार करना है, जिससे उनकी बौद्धिक क्षमता का उपयोग राज्य के विकास में किया जा सके। उन्होंने हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में असम की प्रगति का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र निर्माण और संगठन को सशक्त बनाने का संकल्प लिया।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">