नगांव के पंचमुखी हनुमान मंदिर में पांच दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा व भक्ति के साथ संपन्न
थर्ड आई न्यूज
नगांव से जयप्रकाश सिंह
शहर के नेहरूबाली, हलदर भुयां पथ स्थित श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर प्रांगण में 1 से 5 अप्रैल 2026 तक आयोजित पांच दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा विशाल पंडाल में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ 1 अप्रैल को कलश यात्रा के साथ हुआ, जो रूप कुंवर चौक स्थित सार्वजनिक ठाकुरबाड़ी मंदिर से पंचमुखी हनुमान मंदिर तक निकाली गई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंडितों द्वारा हनुमान जी का अभिषेक कराया गया और प्रसाद वितरण किया गया। सायंकाल भजन संध्या में स्थानीय कलाकारों ने भक्तिमय प्रस्तुतियों से वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
2 अप्रैल को पूर्णिमा के अवसर पर प्रातः पूजा-अर्चना के साथ अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई। सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें दर्शन हेतु लगी रहीं। शाम को संगीतमय हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन हुआ।
तीसरे दिन धार्मिक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें आचार्य स्वामी मुकुंदाचार्य ने हनुमान जी के जीवन और उनकी लीलाओं पर विस्तार से प्रवचन दिया। चौथे दिन विशेष महाप्रसाद (भंडारा) का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 5,000 श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही सुंदरकांड पाठ एवं भजन संध्या ने कार्यक्रम को और अधिक भक्तिमय बना दिया।
अंतिम दिन 5 अप्रैल को हवन, पूर्णाहुति एवं समापन समारोह आयोजित किया गया। खिचड़ी प्रसाद वितरण के साथ पांच दिवसीय आयोजन का विधिवत समापन हुआ।
कार्यक्रम की सफलता में मंदिर समिति के पदाधिकारियों, समाजसेवियों, विभिन्न संगठनों तथा श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समिति के कार्यकारी अध्यक्ष विजय कुमार मंगलुनिया एवं सचिव रमेश चांदगोठिया ने सभी सहयोगियों, कलाकारों और भक्तों का आभार व्यक्त किया।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">