चुनाव प्रचार के अंतिम दिन नगांव में शक्ति प्रदर्शन, कलीयाबर में केशव महंत की बड़ी जीत का दावा
नगांव से जयप्रकाश सिंह
आगामी 9 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के प्रचार के अंतिम दिन नगांव और आसपास के क्षेत्रों में सभी दलों के उम्मीदवारों ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। बाइक रैली, पदयात्रा और जनसभाओं के माध्यम से मतदाताओं को अपने पक्ष में करने का प्रयास तेज नजर आया।
नगांव-बटद्रवा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रूपक शर्मा ने समर्थकों के साथ नगांव जिला भाजपा कार्यालय से एक विशाल रैली निकाली। हजारों की संख्या में शामिल कार्यकर्ताओं के साथ यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों और विभिन्न वार्डों से होकर गुजरी, जिससे पूरे क्षेत्र में चुनावी माहौल और गरमा गया।
वहीं बढ़मपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी जीतू गोस्वामी ने भी लगभग पंद्रह किलोमीटर लंबी बाइक रैली निकाली। इस रैली में बड़ी संख्या में समर्थकों की भागीदारी रही, जिसने आम जनता का ध्यान आकर्षित किया।
राहा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार शशिकांत दास ने पदयात्रा कर व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित किया और अपने पक्ष में मतदान की अपील की।
इधर कलीयाबर में असम गण परिषद (AGP) के उम्मीदवार केशव महंत के समर्थन में भी एक भव्य रैली निकाली गई। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी और दोनों बेटियां भी उपस्थित रहीं, जिससे पारिवारिक सहभागिता का संदेश देने की कोशिश दिखाई दी।
इससे पहले कलीयाबर के आमबागान खेल मैदान में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने केशव महंत की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि कलीयाबर में महंत लगभग 50 हजार मतों के अंतर से विजयी होंगे। मुख्यमंत्री ने लोकसभा चुनाव का हवाला देते हुए बताया कि भाजपा उम्मीदवार ने उस समय 64 हजार वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी।
उन्होंने यह भी कहा कि कलीयाबर के मतदाता पहले भी हाथी चुनाव चिन्ह पर विश्वास जता चुके हैं और इस बार भी उसी समर्थन की पुनरावृत्ति होगी। मुख्यमंत्री ने निर्दलीय उम्मीदवार पर टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसे उम्मीदवार के जीतने पर क्षेत्र के विकास कार्यों में बाधा आ सकती है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उक्त निर्दलीय उम्मीदवार पहले भाजपा से जुड़ा हुआ था और नामांकन वापस लेने की बात कर चुका था।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">