‘ज़हरीले सांप’ टिप्पणी पर मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ आरएसएस की शिकायत, असम में दो थानों में मामला दर्ज
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के उस बयान को लेकर उनके खिलाफ दो पुलिस शिकायतें दर्ज कराई हैं, जिसमें उन्होंने संगठन की तुलना “ज़हरीले सांप” से की थी।
यह शिकायतें असम के दिसपुर और सिलचर थानों में बुधवार को दर्ज कराई गईं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, आरएसएस ने खड़गे के बयान को जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के तहत “भ्रष्ट चुनावी आचरण” करार दिया है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि इस तरह की टिप्पणी से विभिन्न समूहों के बीच तनाव उत्पन्न हो सकता है।
शिकायत में कहा गया है कि आरएसएस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विचारधारा को “ज़हरीला” बताना और उसे समाप्त करने की बात करना लोगों को उकसाने के रूप में देखा जा सकता है।
खड़गे ने यह बयान 6 अप्रैल को असम के नीलांबाजार में एक चुनावी रैली के दौरान दिया था। उन्होंने एक धार्मिक उदाहरण देते हुए कहा था कि यदि कोई ज़हरीला सांप दिखाई दे, तो उसे पूजा के दौरान भी मार देना चाहिए। इसके बाद उन्होंने आरएसएस और भाजपा की तुलना ऐसे “ज़हरीले सांप” से की।
उनके इस बयान पर भाजपा की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। वरिष्ठ नेता रवि शंकर प्रसाद ने खड़गे से माफी की मांग करते हुए पूछा कि क्या कांग्रेस के अन्य नेता भी इस बयान का समर्थन करते हैं।
उन्होंने आरएसएस और भाजपा को देशभक्त संगठन बताते हुए कहा कि इस तरह की टिप्पणी ने सभी मर्यादाओं को पार कर दिया है।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">