alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

Voting Live: असम, केरल और पुदुचेरी में बंपर वोटिंग; कई बूथों पर मतदान पूरा; जानिए ताजा अपडेट

थर्ड आई न्यूज

नई दिल्ली /गुवाहाटी I दो राज्यों असम और केरल और एक केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी में आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान कराए जा रहे हैं। दोनों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में एक ही चरण में मतदान कराए जा रहे हैं। असम में 126, केरल की 140 और पुदुचेरी की 30 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है। तीनों प्रदेशों में मतदान से जुड़े तमाम अपडेट्स इस लाइव ब्लॉग में जानिए :

असम में कई बूथों पर मतदान पूरा :
असम के कामरूप जिले में मतदान समाप्त होने पर मतदान अधिकारियों ने ईवीएम और वीवीपैट को सील किया।एक पीठासीन अधिकारी ने कहा, मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ… मैं चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग का धन्यवाद करता हूं।

शाम 5 बजे तक हुई वोटिंग का आंकड़ा :
असम में शाम 5 बजे तक 84.42 % मतदान।
केरल और पुदुचेरी में अब तक 72 फीसदी से अधिक वोटिंग।

केरल चुनाव में नई पहल, बच्चों और महिलाओं के लिए खास ग्रीन पोलिंग स्टेशन :
केरल के एर्नाकुलम में चुनाव को और सुविधाजनक बनाने के लिए खास ग्रीन पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। यहां क्रेच सुविधा, बच्चों के लिए खिलौने और आरामदायक वेटिंग एरिया उपलब्ध कराया गया है। इन केंद्रों का संचालन आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा किया जा रहा है, जिससे महिलाओं को वोट डालने में आसानी हो सके। इस पहल का मकसद मतदान को ज्यादा सुरक्षित, सहज और परिवार अनुकूल बनाना है।

पुदुचेरी में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, पुलिस ने किया लाठीचार्ज :
पुदुचेरी के मन्नादीपेट विधानसभा क्षेत्र के तिरुकानूर गांव में गुरुवार को मतदान के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। विवाद तब शुरू हुआ जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मतदान केंद्र के पास भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी पर आपत्ति जताई। कांग्रेस का कहना है कि वहां केवल मतदाताओं को होना चाहिए। इसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने मारपीट शुरू कर दी।

हालात को बिगड़ते देख पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस घटना से मतदान प्रक्रिया पर कोई असर नहीं पड़ा। इस सीट से भाजपा की ओर से गृह मंत्री ए नमशिवायम और कांग्रेस की ओर से पूर्व डिप्टी स्पीकर टीपीआर सेल्वम चुनावी मैदान में हैं।

केरल और पुदुचेरी में मतदान 70 फीसदी के पार, केरल सबसे पीछे :
विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। दोपहर तीन बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, असम में सबसे अधिक 75.91 प्रतिशत मतदान हुआ है। पुदुचेरी में 72.40 प्रतिशत और केरल में 62.71 प्रतिशत वोट पड़ चुके हैं। केरल की 140, असम की 126 और पुदुचेरी की 30 सीटों पर जनता अपने भविष्य का फैसला कर रही है।

पुदुचेरी के गृह मंत्री ए नमस्सिवयम ने तिरुक्कनूर में किया मतदान :
पुदुचेरी विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान जारी है। इस मौक पर पुदुचेरी के गृह मंत्री और मन्नादीपेट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार ए नमस्सिवयम ने तिरुक्कनूर स्थित एक मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

असम में मतदान केंद्र का वीडियो वायरल होने पर प्राथमिकी दर्ज :
असम विधानसभा चुनाव 2026 के बीच, कार्बी आंगलोंग जिला प्रशासन के संज्ञान में एक गंभीर मामला आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर एक मतदान केंद्र के भीतर की चुनावी प्रक्रिया को दिखाया गया है। मतदान की गोपनीयता और नियमों के इस उल्लंघन को प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए FIR दर्ज की है। फिलहाल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है ताकि वीडियो की सत्यता और इसके पीछे जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान की जा सके।

मशहूर गायक पापन ने गुवाहाटी में अपना वोट डाला :
असम के मशहूर गायक पापोन ने गुवाहाटी में अपना वोट डाला। इसके बाद उन्होंने कहा, ‘मैं युवाओं से अपील करता हूं कि वे बाहर आएं और अपना वोट डालें। मौसम बहुत अच्छा है और शानदार व्यवस्थाएं की गई हैं, हर वोट कीमती है इसलिए हमें मतदान जरूर करना चाहिए।’

रियान पराग ने भी मताधिकार का किया प्रयोग :
आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) में राजस्थान रॉयल्स टीम के कप्तान रियान पराग ने भी गुवाहाटी के एक मतदान केंद्र पर जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। रियान गुवाहाटी के खारगुली में लाल सिंह अकादमी पोलिंग स्टेशन पर मतदान करने पहुंचे।

1 बजे तक असम में 60 फीसदी मतदान, केरल सबसे कम :
असम, केरल, पुदुचेरी राज्यों में विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान की प्रक्रिया जारी है। दोपहर एक बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, असम में सबसे अधिक 59.63 प्रतिशत मतदान हुआ है। पुदुचेरी में 56.83 प्रतिशत और केरल में 49.70 प्रतिशत वोट पड़ चुके हैं। केरल की 140, असम की 126 और पुदुचेरी की 30 सीटों पर जनता अपने भविष्य का फैसला कर रही है।

असम सीएम हिमंत ने पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा के साथ किया मतदान :
असम के मुख्यमंत्री और जलुकबारी से उम्मीदवार हिमंत विश्व शर्मा ने अपनी पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा और बच्चों के साथ कामपुर के एक मतदान केंद्र पर असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपना वोट डाला। इस दौरान मुख्यमंत्री की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा ने जीत पर पूर्ण विश्वास जताते हुए कहा, 100 प्रतिशत जीत तय है।

मतदान के बाद CPI के राज्य सचिव बिनॉय विश्वम ने एलडीएफ की बड़ी जीत का दावा किया :
केरल विधानसभा चुनाव के लिए तिरुवनंतपुरम में अपना वोट डालने के बाद सीपीआई के राज्य सचिव बिनॉय विश्वम ने एलडीएफ की बड़ी जीत का दावा किया है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, पूरे राज्य से खबरें आ रही हैं कि मतदाता एलडीएफ को वोट देने के लिए उमड़ रहे हैं। केरल में कांग्रेस और भाजपा के अपवित्र गठबंधन को हराना होगा। मेरी जनता से अपील है कि वे एलडीएफ को वोट दें क्योंकि यही उम्मीद है और यही वह राजनीतिक शक्ति है जो धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र, संघवाद की रक्षा करेगी और देश के गरीबों के लिए खड़ी होगी।

असम में चुनावी ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी की मौत :
असम विधानसभा चुनाव के बीच सोनितपुर जिले के नदुआ निर्वाचन क्षेत्र में तैनात एक मतदान अधिकारी मृत पाए गए। मृतक का नाम देबेन होरो था और उनकी उम्र 45 वर्ष थी। वह डोलापानी एलपी स्कूल के मतदान केंद्र संख्या 230 पर दूसरे मतदान अधिकारी के रूप में तैनात थे। अधिकारियों ने बताया कि देबेन होरो आज सुबह अपने बिस्तर पर बेहोश मिले थे। जिसके बाद उन्हें तुरंत एम्बुलेंस से पास के अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौत का असली कारण अभी साफ नहीं है। हालांकि, डॉक्टरों को किसी पुरानी बीमारी का शक है। देबेन होरो चारीद्वार क्षेत्र के रहने वाले थे और एक सरकारी स्कूल में सहायक शिक्षक थे। इस घटना का मतदान पर कोई असर नहीं पड़ा। बूथ पर सुबह 7 बजे तय समय पर वोटिंग शुरू हुई। प्रशासन ने उनकी जगह एक आरक्षित कर्मचारी को तैनात कर दिया है। असम की 126 सीटों पर शाम 5 बजे तक मतदान होगा। वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी।

दिवंगत गायक जुबीन गर्ग की पत्नी गरिमा ने किया मतदान :
असम के दिवंगत गायक जुबीन गर्ग की पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग और उनकी बहन पाल्मी बोरठाकुर ने दिसपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 116 पर पहुंचकर अपना वोट डाला। कल ही अस्पताल से छुट्टी मिलने के बावजूद गरिमा सैकिया गर्ग मतदान करने पहुंचीं। उन्होंने कहा, ‘मैं शारीरिक रूप से अस्वस्थ हूं, लेकिन फिर भी वोट डालने आई हूं क्योंकि यह हमारा कर्तव्य है। पहले मैं जुबीन के साथ वोट डालने आती थी।’ जुबीन गर्ग के लिए न्याय की मांग पर उन्होंने कहा, ‘हम इसके लिए लड़ रहे हैं और उम्मीद है कि जल्द ही कोई परिणाम निकलेगा।’

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने किया मतदान, भाजपा को बताया शून्य :
केरल विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने तिरुवनंतपुरम में अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘यहां भाजपा का कोई फैक्टर नहीं है। यह एक ऐसा राज्य है जहां विधानसभा में भाजपा शून्य सीट वाली पार्टी है। उनका नाम लेना भी उनके लिए एक बड़ी तारीफ होगी।’ थरूर ने आगे कहा, केरल में असली चुनावी मुकाबला सत्ताधारी LDF सरकार और चुनौती दे रहे UDF गठबंधन के बीच है।

महिला आरक्षण बिल पर क्या बोले कांग्रेस सांसद?
महिला आरक्षण बिल पर उन्होंने कहा, ‘हमने अभी तक बिल का ड्राफ्ट नहीं देखा है। मुझे पता है कि वे इसके लिए 16 अप्रैल को संसद का सत्र बुलाने की योजना बना रहे हैं। हमें बिल देखना होगा और समझना होगा कि वे क्या प्रस्ताव रख रहे हैं। हमें संघवाद, विधायिका के कामकाज और संसद पर इसके असर का पता लगाना होगा। क्या 800 के आस-पास सदस्य होंगे? क्या उन्हें बोलने का मौका मिलेगा? इन सभी मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए।’

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने जोरहाट में किया मतदान :
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने जोरहाट के डीसीबी गर्ल्स हाई स्कूल में अपना वोट डाला। उन्होंने जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि लोगों में भारी उत्साह है और वे लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करते हुए एक नए असम का निर्माण करेंगे।

पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी ने सत्ता परिवर्तन का दावा किया :
पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी ने मतदान के बाद सत्ता परिवर्तन का दावा किया। उन्होंने कहा कि केरल की जनता भाजपा को पसंद नहीं करती है और 10 साल के कुशासन की वजह से इस बार राज्य में सरकार निश्चित तौर पर बदलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *