alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

कलाक्षेत्र में लायंस जिला सम्मेलन “प्रभाव 2026” का भव्य आगाज़, पहले दिन रिकॉर्ड भागीदारी

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 5 अप्रैल।
पंजाबाड़ी स्थित शंकरदेव कलाक्षेत्र में लायंस क्लब के 53वें जिला सम्मेलन “प्रभाव 2026” का भव्य शुभारंभ हुआ। लायंस जिला 322जी के जिलापाल पंकज पोद्दार के नेतृत्व में आयोजित इस सम्मेलन में पहले ही दिन असम, मेघालय और त्रिपुरा से 900 से अधिक लायंस सदस्यों की रिकॉर्ड उपस्थिति दर्ज की गई।

आतिथ्य क्लब लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी अनमोल के अध्यक्ष बिनोद कायल की अध्यक्षता में आयोजित इस सम्मेलन को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप तब मिला, जब मुख्य अतिथि के रूप में मनोज शाह (द्वितीय उपाध्यक्ष, लायंस इंटरनेशनल, केन्या) अपनी धर्मपत्नी जयना शाह और पुत्री सोयुम शाह के साथ उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन से हुई, जिसके बाद विशिष्ट लायंस लीडर्स का अभिनंदन किया गया। इसके उपरांत एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जिसमें लायनिस्ट वर्ष के दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। संयोजिका डॉ. सुनीता अग्रवाल और उनकी टीम द्वारा संचालित इस सत्र ने उपस्थित जनों को भावुक कर दिया।

सम्मेलन में विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें पारित किया गया, वहीं खुले सत्र में संगठन के विकास और सुदृढ़ीकरण को लेकर विचार-विमर्श हुआ।
कैबिनेट सचिव रिषभ बजाज ने जिले की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पिछले 9 महीनों में 5000 से अधिक सेवा परियोजनाएं संचालित की गईं, जिनसे 11.5 लाख से अधिक लोग लाभान्वित हुए। इसी अवधि में 16 नए क्लबों का गठन हुआ और 1050 से अधिक नए सदस्य जुड़े। साथ ही एलसीआईएफ में 80,000 अमेरिकी डॉलर का योगदान दिया गया।

विशेष रूप से, जिले ने निर्धारित लक्ष्यों को समय से पहले ही पार कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। प्रमुख सेवा कार्यों में हाट बाजार आयोजन, कंबल वितरण, विश्व विकलांग दिवस कार्यक्रम तथा 121 जोड़ों के सामुदायिक विवाह शामिल रहे।

सम्मेलन का एक प्रमुख आकर्षण कर्मयोगी पुरस्कार रहा, जो बरपेटा के कुमुद कलिता को स्पैस्टिक बच्चों के प्रति उनके समर्पित कार्य के लिए प्रदान किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र और 1 लाख रुपये की सम्मान राशि दी गई।

सांस्कृतिक संध्या में सत्यनारायण मौर्य की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में रंग भर दिए और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भोजन व्यवस्था का संचालन चेयरमैन नवीन पोद्दार के नेतृत्व में सराहनीय रहा, वहीं कार्यक्रम का संचालन रीमा बनिक और बंसुरी पोद्दार ने प्रभावशाली ढंग से किया।

जिला जनसंपर्क अधिकारी नीरू काबरा के अनुसार, “प्रभाव 2026” का पहला दिन लायंस परिवार की एकता, सेवा भावना और संगठनात्मक शक्ति का सशक्त उदाहरण रहा, जिसने आगामी सत्रों के लिए उच्च मानक स्थापित कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *