alt="Header Advertisement" class="header-ad-image">     

एचएसएलसी परिणाम में शिशु निकेतन स्कूल का शानदार प्रदर्शन, 100% रिजल्ट के साथ विद्यार्थियों ने बढ़ाया मान

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 10 अप्रैल।
असम राज्य विद्यालय शिक्षा बोर्ड (ASSEB) द्वारा घोषित मैट्रिक (एचएसएलसी) परीक्षा परिणाम में नारायण नगर स्थित शिशु निकेतन उच्चतर माध्यमिक स्कूल ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी गुणवत्ता को साबित किया है। इस वर्ष भी विद्यालय का परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिससे उसकी सुदृढ़ शैक्षणिक व्यवस्था का परिचय मिलता है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस वर्ष परीक्षा में कुल 96 विद्यार्थी शामिल हुए और सभी ने सफलता हासिल की। इनमें से 95 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी प्राप्त की, जबकि एक विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी में रहा। उल्लेखनीय है कि 29 विद्यार्थियों को डिस्टिंक्शन तथा 53 विद्यार्थियों को स्टार मार्क्स प्राप्त हुए। इसके अतिरिक्त विभिन्न विषयों में कुल 370 लेटर मार्क्स अर्जित किए गए।

विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गणित विषय में भी विशेष उपलब्धि हासिल की। दो विद्यार्थियों ने उच्च गणित तथा दो विद्यार्थियों ने सामान्य गणित में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।

परिणामों में आदित्य कुमार झा ने 560 अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं मैत्री भट्टाचार्य (543 अंक) दूसरे तथा बादल पटेल (539 अंक) तीसरे स्थान पर रहे।

विद्यालय की प्राचार्य रीना भौमिक ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य के समग्र परिणाम की तुलना में शिशु निकेतन के विद्यार्थियों का प्रदर्शन और बेहतर रहा है। उन्होंने बताया कि विद्यालय पिछले कई वर्षों से लगातार शत-प्रतिशत परिणाम बनाए रखने में सफल रहा है।

विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पवन कुमार अग्रवाला ने भी विद्यार्थियों की सफलता पर उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन ने एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में उसकी प्रतिष्ठा को मजबूत किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *