नगांव में नवरूप सीनियर सेकेंडरी स्कूल का शानदार प्रदर्शन, 100% परिणाम से बढ़ाया गौरव
थर्ड आई न्यूज
नगांव से जयप्रकाश सिंह
असम शिक्षा परिषद द्वारा घोषित इस वर्ष के हाईस्कूल शिक्षांत परीक्षा (HSLC) परिणाम में नवरूप सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्टता का परिचय दिया है। विद्यालय ने लगातार अपनी सफलता की परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष भी 100 प्रतिशत उत्तीर्णता हासिल की।
घोषित परिणाम के अनुसार विद्यालय के 6 विद्यार्थियों ने डिस्टिंक्शन अंक प्राप्त किए, 15 विद्यार्थियों ने स्टार अंक हासिल किए, 21 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में तथा 2 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष भी विद्यालय का कोई भी छात्र तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण नहीं हुआ, जिससे संस्थान की उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा बरकरार रही।
विद्यालय संचालन समिति के सचिव मुनिन्द्र सैकिया ने इस उपलब्धि पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का यह परिणाम है।
परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। प्रबंधन द्वारा परिणाम की औपचारिक घोषणा होते ही विद्यार्थियों में खुशी और उत्साह की लहर दौड़ गई।
विद्यालय के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर अभिभावकों और शुभचिंतकों ने प्रबंधन समिति तथा पूरे शिक्षा परिवार को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।


alt="Header Advertisement"
class="header-ad-image">