जुबिन गर्ग की मौत के राजनीतिकरण का विपक्ष को चुनाव में नुकसान हुआ : हिमंत विश्व शर्मा

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी I असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को दावा किया कि गायक जुबिन गर्ग की मृत्यु को राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश कांग्रेस-नेतृत्व वाले विपक्ष को विधानसभा चुनाव में भारी पड़ी।

मुख्यमंत्री ने यह टिप्पणी गुवाहाटी के बाहरी क्षेत्र सोनापुर के कामराकुची स्थित ‘जुबिन क्षेत्र’ पहुंचकर दिवंगत गायक को श्रद्धांजलि अर्पित करने और वहां चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण करने के बाद की।

गौरतलब है कि जुबिन गर्ग का पिछले वर्ष 19 सितंबर को सिंगापुर में एक कार्यक्रम में भाग लेने के दौरान समुद्र में तैराकी करते समय निधन हो गया था। उस समय उनकी आयु 52 वर्ष थी।

पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि जुबिन गर्ग के नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा, “जैसा वादा किया था, चुनाव समाप्त होने के बाद आज मैं उन्हें श्रद्धांजलि देने यहां आया हूं। जुबिन हमारे लिए केवल एक कलाकार नहीं, बल्कि हर दिल में बसने वाली भावना हैं। उन्हें कभी राजनीति का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।”

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों द्वारा गायक की मृत्यु का राजनीतिकरण करने की कोशिश को जनता ने हालिया विधानसभा चुनाव में नकार दिया। उन्होंने कहा, “कुछ लोग चुनाव खत्म होते ही उनका नाम लेना बंद कर चुके हैं, जबकि जो लोग आज उनकी समाधि पर आ रहे हैं, उन्हें उनके जीवित रहते जुबिन के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।”

हिमंत विश्व शर्मा ने जुबिन गर्ग को असम का “शाश्वत दिलों की धड़कन” बताते हुए कहा, “जुबिन मेरे पसंदीदा कलाकार थे, हैं और हमेशा रहेंगे।”

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने पहले जुबिन गर्ग मौत मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने में कथित देरी को लेकर राज्य सरकार की आलोचना की थी। चुनाव प्रचार के दौरान विपक्ष ने सत्ता में आने पर 100 दिनों के भीतर न्याय दिलाने का वादा भी किया था।

मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के दौरान स्मारक स्थल पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि विकास कार्यों का प्रारंभिक चरण शुरू हो चुका है और क्षेत्र को संभावित भूस्खलन से बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उनके अनुसार, सीमा दीवार का निर्माण पूरा होने के बाद समाधि क्षेत्र के मुख्य विकास कार्य व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *