यूसीसी बिल धर्म और इस्लाम के खिलाफ हुआ तो करेंगे विरोध : कांग्रेस विधायक नुरुल हुदा

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी। कांग्रेस विधायक नुरुल हुदा ने सोमवार को कहा कि प्रस्तावित समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक को लेकर पार्टी पहले इसके प्रावधानों का अध्ययन करेगी और यदि यह किसी धर्म, विशेषकर इस्लाम, की धार्मिक परंपराओं के खिलाफ पाया गया तो कांग्रेस इसका विरोध करेगी।

गुवाहाटी में मीडिया से बातचीत करते हुए नुरुल हुदा ने कहा कि असम विधानसभा में विधेयक पेश होने के बाद कांग्रेस उसके सभी पहलुओं की विस्तार से समीक्षा करेगी। उन्होंने कहा, “हम पहले देखेंगे कि बिल में क्या प्रावधान हैं। यदि यह धर्मों, खासकर इस्लाम, के खिलाफ हुआ तो हम इसका विरोध करेंगे।”

ईंधन की बढ़ती कीमतों पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस विधायक ने राज्य और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव समाप्त होने के बाद तेल कंपनियों को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि की जा रही है।

हुदा ने कहा, “ईंधन की कीमतें हर दिन बढ़ रही हैं। सरकार ने चुनाव के बाद कीमतें बढ़ाने का फैसला किया ताकि तेल कंपनियों को लाभ मिल सके। कंपनियां सरकार के साथ मिलकर काम कर रही हैं।”

गौरतलब है कि असम में प्रस्तावित यूसीसी विधेयक को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। वहीं दूसरी ओर ईंधन की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर विपक्षी दल सरकार पर हमलावर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *