नगांव में मंत्री पीयूष हजारिका ने की विभागीय समीक्षा बैठक, आत्मनिर्भरता आधारित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर
थर्ड आई न्यूज
नगांव से जयप्रकाश सिंह
नगांव जिले के नव-नियुक्त अभिभावक मंत्री पीयूष हजारिका ने मंगलवार को नगांव पहुंचकर विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। कृषि, सिंचाई एवं अन्य विभागों के प्रभारी मंत्री ने जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान तथा मुख्यमंत्री महिला उद्यमिता योजना की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने दो लाख लोगों को नई नौकरियां उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है, लेकिन बेरोजगारी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए केवल सरकारी नौकरियां पर्याप्त नहीं हैं। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार आधारित योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभियान के तहत राज्य के 10 लाख युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना के तहत लाभार्थियों को प्राप्त होने वाले ऋण का उपयोग निर्धारित उद्देश्यों के अनुरूप हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
पीयूष हजारिका ने जिले में कृषि उत्पादन बढ़ाने और किसानों के पंजीकरण की संख्या में वृद्धि करने पर विशेष बल दिया। सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने इस बात पर चिंता और असंतोष व्यक्त किया कि जिले में सिंचाई योजनाओं का लाभ अपेक्षाकृत कम कृषि क्षेत्र तक पहुंच रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि खराब या निष्क्रिय पड़ी सिंचाई परियोजनाओं को पुनर्जीवित करने के लिए शीघ्र कार्ययोजना तैयार की जाए।
मंत्री ने कहा कि वे निकट भविष्य में पुनः नगांव का दौरा कर सभी विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि दैनिक जीवन में उपयोग की जाने वाली अधिकांश वस्तुएं राज्य के बाहर से आती हैं और इस परनिर्भरता को कम करने के लिए उत्पादन आधारित गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता की दिशा में ठोस कदम उठाकर ही राज्य के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि नई मंत्रिपरिषद में शामिल होने के बाद यह उनका नगांव जिले का पहला आधिकारिक दौरा था। समीक्षा बैठक में नगांव-बटद्रवा के विधायक रूपक शर्मा, बढ़मपुर के विधायक जितु गोस्वामी, रोहा के विधायक शशिकांत दास, धिंग के विधायक मेहबूब मुक्तार, सामगुड़ी के विधायक तांजिल हुसैन तथा रुपहीहाट के विधायक नुरुल हुदा सहित जिले के अधिकांश विधायक उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा ने मंत्री का स्वागत किया और कहा कि उनके मार्गदर्शन में जिले के विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। बैठक के प्रारंभ में जिला आयुक्त ने मंत्री को फूलाम गमोछा एवं शराई भेंट कर सम्मानित किया।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला विकास आयुक्त, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, अतिरिक्त आयुक्तों सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे। इस अवसर पर मंत्री ने अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बातचीत भी की। इससे पूर्व उन्होंने होजाई जिले में भी इसी प्रकार की विभागीय समीक्षा बैठक में भाग लिया था।

