डॉक्टर्स डे व चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे पर मारवाड़ी सम्मेलन ने किया वरिष्ठ जनों का सम्मान
थर्ड आई न्यूज
नगांव से जयप्रकाश सिंह
नगांव। मारवाड़ी सम्मेलन, नगांव शाखा द्वारा राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (डॉक्टर्स डे) एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे के अवसर पर नगर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अमरचंद सुराणा तथा वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट सत्यनारायण रुठिया को उनके कार्यस्थल पर जाकर फूलाम गमोसा एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सम्मेलन के पदाधिकारियों ने कहा कि चिकित्सक और चार्टर्ड अकाउंटेंट समाज के ऐसे महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, जो अपने-अपने क्षेत्र में निष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं के माध्यम से समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। ऐसे सम्मानित व्यक्तित्वों का अभिनंदन करना समाज के लिए गौरव की बात है।
सम्मेलन के सदस्यों ने दोनों वरिष्ठ जनों के दीर्घकालीन सेवाभाव, कार्यनिष्ठा एवं समाज के प्रति उनके योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखी एवं सक्रिय जीवन की कामना की।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. अमरचंद सुराणा एवं सत्यनारायण रुठिया ने मारवाड़ी सम्मेलन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार का सम्मान समाजसेवा और पेशेवर दायित्वों के प्रति और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर मारवाड़ी सम्मेलन, नगांव शाखा के अध्यक्ष प्रमोद कोठारी, उपाध्यक्ष जगदीश धूत एवं हुलासमल बोथरा, सचिव विजयराज किल्ला तथा संगठन मंत्री दिलीप शोभासरिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

